लखनऊ। बांग्लादेश से जाली भारतीय मुद्रा को उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में सप्लाई करने वाले गैंग के मास्टर माइंड को एटीएस ने वाराणसी से गिरफ्तार कर लिया।
एडीजी एटीएस मोहित अग्रवाल ने बताया की उत्तर प्रदेश एटीएस को सूचना प्राप्त हुई थी कि कुछ लोग पश्चिम बंगाल के जाली भारतीय नोट तस्कर गिरोह के संपर्क में हैं और वह बांग्लादेश में छप रही जाली भारतीय मुद्रा को लाकर उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में सप्लाई करते हैं।
प्राप्त सूचना को विकसित किए जाने के उपरांत एटीएस ने बुधवार की देर रात जाली भारतीय मुद्रा तस्करी गैंग के मास्टर माइंड अच्छेलाल चौरसिया उर्फ बच्चा को पाण्डेयपुर थाना क्षेत्र जनपद वाराणसी से गिरफ्तार किया गया। जिसके पास से एक लाख 51 हजार 500 रूपए की नकली मुद्रा के बरामद की गई।
गिरफ्तार अभियुक्त अच्छेलाल चौरसिया पंश्चिम बंगाल के मालदा क्षेत्र के जाली नोट तस्करों के सम्पर्क में था। मालदा क्षेत्र के तस्कर भारतीय जाली मुद्रा, बांग्लादेश अन्तर्राष्ट्रीय बॉर्डर से लाकर गिरफ्तार अभियुक्त या उसके बताये गये कैरियरों को दे देते थे। गिरफ्तार अभियुक्त अच्छेलाल चौरसिया उत्तर प्रदेश का रहने वाला है।
इसने उत्तर प्रदेश में जाली भारतीय मुद्रा की सप्लाई हेतु गैंग बना रखा है, जिनके माध्यम से उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में जाली भारतीय मुद्रा की सप्लाई करता था। इसी गैंग के चार सदस्यों को यूपी एटीएस द्वारा पूर्व में गिरफ्तार किया जा चुका है।