हैरी ब्रूक व क्रिस वोक्स ने तीसरे टेस्ट मैच में इंग्लैंड को दिलाई रोमांचक जीत

 लीड्स। हैरी ब्रूक की 75 रन की आकर्षक अर्धशतकीय पारी और क्रिस वोक्स (नाबाद 32) के साथ उनकी सातवें विकेट के लिए 59 रन की साझेदारी की मदद से इंग्लैंड ने कुछ विषम पलों से गुजरने के बाद रविवार को यहां तीसरे टेस्ट क्रिकेट मैच में आस्ट्रेलिया पर तीन विकेट से रोमांचक जीत दर्ज करके पांच मैचों की एशेज श्रृंखला को जीवंत बनाए रखा।

इंग्लैंड ने इस तरह से हेडिंग्ले में लक्ष्य का पीछा करते हुए रोमांचक जीत दर्ज करने का सिलसिला जारी रखा। उसने 2019 में बेन स्टोक्स की शानदार पारी के दम पर आस्ट्रेलिया को हराया था लेकिन इस बार इंग्लैंड का कप्तान नहीं चल पाया। ऐसे में ब्रूक ने अच्छी तरह से जिम्मेदारी संभाली। इंग्लैंड ने 251 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए सात विकेट पर 254 रन बनाकर श्रृंखला को रोमांचक बनाए रखा।

आस्ट्रेलिया ने पहले दोनों टेस्ट मैच जीते थे और वह अभी श्रृंखला में 2-। से आगे है। चौथा टेस्ट मैच 19 जुलाई से ओल्ड ट्रैफर्ड में खेला जाएगा।नियमित अंतराल में विकेट गंवाने के कारण इंग्लैंड का स्कोर एक समय छह विकेट पर 171 रन था। अपना दसवां टेस्ट मैच खेल रहे हैं ब्रूक को ऐसे में वोक्स के रूप में अच्छा जोड़ीदार मिला। ब्रूक ने मिशेल स्टार्क (78 रन देकर पांच विकेट) की गेंद पर आउट होने से पहले 93 गेंदों का सामना किया तथा नौ चौके लगाए। ब्रूक के आउट होने के बाद क्रीज पर उतरे मार्क वुड ने आठ गेंदों पर 16 रन की नाबाद पारी खेली।

 

 

Back to top button