Friday, July 18, 2025
More

    भाजपा के स्थापना दिवस पर मंत्री ए.के. शर्मा ने आयोजित कार्यक्रम में शिरकत की

    लखनऊ/जौनपुर। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने मंगलवार को जौनपुर पहुंचकर भारतीय जनता पार्टी (भा.ज.पा.) के स्थापना दिवस के अवसर पर मल्हनी विधानसभा के सक्रिय सदस्य सम्मेलन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। इस कार्यक्रम का आयोजन बीजेपी कार्यालय में हुआ।

    मंत्री ने सबसे पहले भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पं. दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण किया और दीप जलाकर कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने भाजपा के गौरवशाली इतिहास पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन किया और उसका अवलोकन भी किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने परेड में सलामी ली और उपस्थित कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों तथा शुभचिंतकों से मुलाकात की।

    कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री ए.के. शर्मा ने कहा,भारत की संस्कृति और विरासत ऐसी है कि यह तमाम कठिनाइयों, संघर्षों और संकटों के बावजूद आज भी अमिट बनी हुई है। हमारी संस्कृति ने न केवल कूप्रथाओं को समाप्त किया है, बल्कि यह दुनिया से अलग अपनी पहचान बनाए रखने में सफल रही है। उन्होंने 1975 में इमरजेंसी के दौरान देश की स्थिति को याद करते हुए कहा कि उसी समय अटल बिहारी वाजपेयी जी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की स्थापना हुई और तभी से पार्टी ने देश के हित में कार्य करना शुरू किया। अब मोदी जी के नेतृत्व में यह पार्टी अपनी चरम स्थिति में पहुंच चुकी है और भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य की ओर अग्रसर है।

    मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति और निर्णय क्षमता के कारण आज भारत न केवल अपने आंतरिक संकटों से उबर चुका है, बल्कि विदेशी कूटनीति और आर्थिक स्थिति में भी मजबूती हासिल कर चुका है। उन्होंने विशेष रूप से पूर्वोत्तर राज्य और जम्मू-कश्मीर की स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा कि मोदी जी के प्रयासों से देश की एकता और अखंडता बनी रही।

    श्री ए.के. शर्मा ने पार्टी के कार्यकर्ताओं को मोदी सरकार की योजनाओं का प्रचार करने की अपील की। उन्होंने कहा, “मोदी जी की नीतियों से करोड़ों भारतीयों को लाभ हुआ है। चाहे वह जनधन खाते के जरिए महिलाओं को वित्तीय स्वतंत्रता मिलना हो, या कोरोना काल में मुफ्त राशन और आयुष्मान कार्ड से गरीबों को इलाज की सुविधा मिलना हो।”

    उन्होंने भारत की बढ़ती अर्थव्यवस्था और विदेश नीति में बदलाव पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा, “पहले भारत की अर्थव्यवस्था विश्व में 11वें स्थान पर थी, अब यह 5वें स्थान पर है। इसी तरह, भारत की विदेश नीति भी मजबूत हुई है, और अब दुनिया के सभी देशों में भारत की बात सुनी जाती है।

    मंत्री ने देश में आत्मनिर्भरता के लिए मोदी सरकार की पहल का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अब भारत रक्षा क्षेत्र में आयात करने के बजाय निर्यात करने वाला देश बनेगा। “हमारे यहां 2 डिफेन्स इंडस्ट्रियल कॉरिडोर बनाए जा रहे हैं, जिनमें से एक उत्तर प्रदेश के बुंदेलखंड क्षेत्र में बन रहा है। इससे भारत को आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलेगी।

    उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा सरकार केवल विकास ही नहीं, बल्कि धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण और विकास के लिए भी काम कर रही है। अयोध्या, काशी और मथुरा जैसे पौराणिक स्थलों के विकास का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि ये प्रयास भाजपा के समग्र दृष्टिकोण का हिस्सा हैं।

    कार्यक्रम के अंत में, मंत्री ए.के. शर्मा ने भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे झूठे अफवाहों और दुष्प्रचार से सावधान रहने की सलाह दी और कहा कि मेहनत से ही आगामी चुनावों में भाजपा की सुशासन वाली सरकार बनी रहेगी।कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह, राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी, विधायक  रमेश चंद्र मिश्र, और अन्य भाजपा नेता तथा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

    RELATED ARTICLES

    Most Popular