
रामनाथ रावत
सीतापुर। उत्तर प्रदेश सरकार ने बुजुर्ग महिलाओं को एक बड़ा ऐतिहासिक तोहफा देते हुए ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना’ की शुरुआत कर दी है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा शुरू की गई इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत राज्य की 60 वर्ष या उससे अधिक आयु की बुजुर्ग महिलाओं को उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों में आजीवन मुफ्त यात्रा की सौगात मिलेगी। इस फैसले से प्रदेश की लगभग एक करोड़ से अधिक बुजुर्ग महिलाओं को सीधा आर्थिक लाभ पहुंचेगा और उनका धार्मिक व सामाजिक आवागमन पूरी तरह सुगम और सुरक्षित हो सकेगा।
इसी क्रम में, बुधवार को सीतापुर के खैराबाद स्थित भूमिजा हॉल में इस भव्य शुभारंभ कार्यक्रम का सजीव प्रसारण बेहद उत्साह के साथ देखा गया। योजना के शुभारंभ के साथ ही सरकार ने त्योहार की मिठास को दोगुना कर दिया है। इसके तहत 27 अगस्त की सुबह 6:00 बजे से लेकर 29 अगस्त की मध्य रात्रि तक राज्य की सभी महिलाओं को बसों में निःशुल्क यात्रा की विशेष छूट दी गई है। इस अवधि में महिलाएं अपने साथ एक सहयात्री को भी मुफ्त में ले जा सकेंगी।
सीतापुर के भूमिजा हॉल में आयोजित इस गरिमामय कार्यक्रम के दौरान उत्सव जैसा माहौल रहा। डिपो और जिला प्रशासन के सहयोग से कार्यक्रम में शामिल हुईं लगभग 800 बुजुर्ग महिलाओं को साड़ियां और मिठाइयां वितरित की गईं। सम्मान पाकर बुजुर्ग महिलाओं के चेहरे खिल उठे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद राज्यमंत्री सुरेश राही और भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह योजना महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में सरकार का एक मील का पत्थर है।
इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर., मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीक्षा जोशी सहित परिवहन विभाग और जिला प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी व भारी संख्या में मातृशक्ति मौजूद रही।




