
रिपोर्ट – सिद्धार्थ जैन
जयपुर। नवरात्र के दौरान गरबा और डांडिया कार्यक्रमों में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जयपुर पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी है।
राजस्थान पुलिस के ‘शक्ति सुरक्षा अभियान’ के तहत प्रमुख आयोजन स्थलों पर कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की तैनाती के साथ सादे कपड़ों में महिला पुलिसकर्मियों की टीमें भी निगरानी कर रही हैं। इसी अभियान के तहत विद्याधर नगर स्टेडियम में आयोजित गरबा कार्यक्रम के दौरान महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी करने और हंगामा करने के आरोप में एक 18 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, महानिदेशक पुलिस के निर्देशों तथा अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस लता मनोज कुमार के मार्गदर्शन में नवरात्र के सार्वजनिक आयोजनों में महिला सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।
गरबा और डांडिया स्थलों के प्रवेश एवं निकास द्वारों, पार्किंग और आवागमन के रास्तों पर नीली वर्दी में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट तैनात की गई है। वहीं, संवेदनशील और अधिक भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सादे कपड़ों में महिला पुलिसकर्मी तैनात रहकर महिलाओं एवं बालिकाओं के साथ छेड़छाड़, अभद्र व्यवहार और दुर्व्यवहार करने वालों पर नजर रख रही हैं। इसके लिए डिकॉय ऑपरेशन भी चलाए जा रहे हैं।
महिलाओं पर टिप्पणी करने पर पुलिस ने की कार्रवाई
पुलिस उपायुक्त एवं अभियान की सुपरविजन अधिकारी अनुष्ठा कालिया ने बताया कि विद्याधर नगर स्टेडियम में आयोजित गरबा कार्यक्रम के दौरान कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की महिला पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में ड्यूटी कर रही थीं। इसी दौरान टीम ने एक युवक को महिला पंडाल में आने वाली लड़कियों एवं महिलाओं के पीछे चलते हुए उन पर अनुचित टिप्पणियां करते देखा।
पुलिस टीम ने युवक को रोककर अपना परिचय दिया और समझाइश दी, लेकिन वह उग्र हो गया तथा जोर-जोर से बोलकर हंगामा करने लगा। इसके बाद पुलिस ने 112 वाहन बुलाकर उसे थाने पहुंचाया। थाने में भी युवक ने ड्यूटी ऑफिसर के सामने धमकीपूर्ण व्यवहार किया। ब्रेथ एनालाइजर से जांच में उसके शराब का सेवन करने की पुष्टि हुई।
पुलिस के मुताबिक, इन परिस्थितियों के मद्देनजर ड्यूटी ऑफिसर के आदेश पर विजय स्वामी (18), पुत्र मुकेश स्वामी, निवासी जेपी कॉलोनी, सेक्टर-1, शास्त्री नगर, थाना भट्टा बस्ती, जयपुर को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170(1) के तहत गिरफ्तार किया गया।
हेल्पलाइन और राजकॉप एप की दी जा रही जानकारी
महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए कालिका पेट्रोलिंग यूनिट गरबा-डांडिया स्थलों पर महिला हेल्पलाइन 1090, राजकॉप सिटीजन एप और आपातकालीन सेवा 112 की जानकारी देगी। इसके साथ ही महिला पीसीआर वैन 1090 तथा संबंधित थानों की चेतक और ER 112 टीमों के साथ समन्वय स्थापित कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जा रही है।
निर्भया हेल्पलाइन के नंबर मोबाइल में सेव करने की अपील
डीसीपी अनुष्ठा कालिया ने महिलाओं एवं बालिकाओं से भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जाते समय सतर्क रहने और अपने मोबाइल में निर्भया हेल्पलाइन के पांच नंबर सेव रखने की अपील की है। ये नंबर 8764866090, 8764866091, 8764866092, 8764866093 और 8764866094 हैं। इन्हें क्रमशः ‘निर्भया 1’, ‘निर्भया 2’, ‘निर्भया 3’, ‘निर्भया 4’ और ‘निर्भया 5’ नाम से सेव किया जा सकता है।
पुलिस के अनुसार, किसी भी परेशानी या विषम परिस्थिति में इन नंबरों पर लिखित संदेश, मौखिक सूचना, ऑडियो, वीडियो या रिकॉर्डिंग भेजकर सहायता मांगी जा सकती है। यह हेल्पलाइन 24 घंटे संचालित रहती है।
जयपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सार्वजनिक आयोजनों में अभद्र व्यवहार करने, महिलाओं को परेशान करने और शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।





