विधानसभा और नगर निकाय के बाद जिला सहकारी बैंक के चुनाव में बीजेपी ने लहराया परचम

योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बीजेपी को यूपी में मिली तीसरी धमाकेदार जीत

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बीजेपी को प्रदेश में लगातार तीसरी बड़ी जीत मिली है। विधानसभा और नगरीय निकाय के बाद जिला सहकारी बैंकों के सभापति और उपसभापति के चुनाव में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में बीजेपी ने धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए बड़ी जीत हासिल की है।
बता दें कि विपक्षी दल जब पटना में 2024 में बीजेपी को हराने के लिए आपसी मंत्रणा कर रहे थे। इस दौरान यूपी में हुए सहकारी बैंकों के चुनाव में उन्हें करारी शिकस्त का मुंह देखना पड़ा है। उत्तर प्रदेश जिला सहकारी बैंक के सभापति पद की 39 में से 38 सीटें बीजेपी के खाते में आ गई हैं।बड़ी बात ये है कि सपा, बसपा और कांग्रेस का खाता भी नहीं खुला है। इसके अलावा जिला सहकारी बैंक के उपसभापति पद की 33 में से 32 सीटें भी बीजेपी की झोली में आ गई हैं। यहां भी विपक्ष शून्य पर सिमट कर रह गया है।
बीजेपी को जिला सहकारी बैंकों के चुनाव में मिली भारी विजय के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी विजयी नेताओं को बधाई दी है। उन्होंने अपने ट्विटर पर लिखा है, ”उत्तर प्रदेश जिला सहकारी बैंक के सभापति एवं उपसभापति पद हेतु वर्ष 2023 के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड विजय पर सभी प्रत्याशियों को हार्दिक बधाई। यह विराट विजय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी की विकासपरक एवं सर्वसमावेशी नीतियों के प्रति जन-विश्वास का प्रमाण है। सभी नवनिर्वाचित सभापति-उपसभापति गण को उज्ज्वल कार्यकाल हेतु शुभकामनाएं।”

Rajeev Jain

rajeevcrime@gmail.com
Back to top button