पुलिस भर्ती परीक्षा में गड़बड़ी करने वाले 391 आरोपी दबोचे गये

योगी सरकार ने की बड़ी कार्रवाई , पुलिस और एसटीएफ ने प्रदेश के साथ हरियाणा, दिल्ली और बिहार के आरोपियों को दबोचा

लखनऊ। योगी सरकार ने पुलिस भर्ती परीक्षा में कथित प्रश्नपत्र लीक मामले में बड़ी कार्रवाई की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर पुलिस और एसटीएफ ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में छापेमारी कर 391 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है। इसके साथ ही बड़ी संख्या में संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस भर्ती परीक्षा में कथित प्रश्नपत्र लीक मामला सामने आने पर अभ्यर्थियों के हित में फैसला लेते हुए परीक्षा को रद्?द कर दिया था। साथ ही उन्होंने यूपी पुलिस और एसटीएफ को आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिये थे। सीएम योगी के निर्देश के बाद पुलिस और एसटीएफ एक्टिव हो गई और विभिन्न जिलों में छापेमारी कर 391 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस और एसटीएफ ने कार्रवाई के दौरान आरोपियों के पास से बड़ी मात्रा में कूट रचित दस्तावेज (आधार कार्ड, प्रवेश पत्र), अंगुल छाप पेपर, पासबुक, चेकबुक, स्टाम्प, स्याही पैड, सिलिकॉन पट्टी समेत नकदी बरामद की है। इसके साथ ही मोबाइल फोन, फर्जी आंसर की, नकल पर्ची, मूल अंकपत्र, ब्लूटूथ, इलेक्ट्रानिक डिवाइस, वाकी टाकी आदि बरामद किया है। पुलिस कार्रवाई में उत्तर प्रदेश के साथ हरियाणा, बिहार और दिल्ली के आरोपी दबोचे गये हैं। वहीं पुलिस और एसटीएफ की राडार पर कई और गिरोह हैं, जिन पर निगरानी की जा रही है। पुलिस की मानें तो अगले एक-दो दिन में और गिरफ्तारी हो सकती है।

Rajeev Jain

rajeevcrime@gmail.com
Back to top button