ट्रायम्फ एकेडमी, सीएएल ब्लैक, एसएमआर, सोनी क्लब , यूथ क्लब व सीएएल ग्रे जीते मुकाबले

अंडर-19जसबीर सिंह मेमोरियल क्रिकेट लीग

 लखनऊ। लखनऊ क्रिकेट एसोसिएशन (सीएएल) के तहत खेली जा रही लेट जसबीर सिंह मेमोरियल अंडर-19 क्रिकेट लीग में बृहस्पतिवार को खेले गए कई मुकाबलों में ट्रायम्फ क्रिकेट एकेडमी, सीएएल ब्लैक, एसएमआर क्रिकेट एकेडमी, सोनी क्रिकेट क्लब,यूथ क्रिकेट क्लब और सीएएल सीएएल ग्रे ने अपने-अपने मैच जीते। सार क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए मुकाबले में ट्रायम्फ क्रिकेट एकेडमी ने विजन क्रिकेट क्लब को 31 रन से हरा दिया। ट्रायम्फ एकेडमी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 35 ओवरों में 4 विकेट पर 286 रन बनाए, जिसमें अब्दुल कासिफ ने 99 गेंदों पर 22 चौकों और 8 छक्कों की मदद से नाबाद 182 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली, जबकि शिवा पटेल ने 53 रन जोड़े। विजन क्लब की ओर से आयुष यादव ने 3 विकेट लिए। जवाब में विजन क्रिकेट क्लब की टीम 35 ओवरों में 9 विकेट पर 255 रन ही बना सकी, जिसमें पीयूष वर्मा ने 73 और मोहम्मद अयान ने 56 रन बनाए। आॅलराउंड खेल के लिए अब्दुल कासिफ को मैन आॅफ द मैच चुना गया।

सेज क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए रोमांचक मैच में सीएएल ब्लैक ने सेज क्रिकेट क्लब को 4 विकेट से पराजित किया। सेज क्रिकेट क्लब ने पहले खेलते हुए 31.4 ओवरों में 162 रन बनाए, जिसमें अखिल कुमार ने 52 और मनु सिंह ने 48 रन बनाए। सीएएल ब्लैक के मनु सिंह और सचिन गुर्जर ने 3-3 विकेट चटकाए। जवाब में सीएएल ब्लैक ने 31 ओवरों में 6 विकेट खोकर 163 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम से सचिन गुर्जर ने 44 और मोहम्मद रिजवान ने 31 रन बनाए, जबकि विरोधी टीम के जय शुक्ला ने 2 विकेट लिए। शानदार प्रदर्शन के लिए सचिन गुर्जर को मैन आॅफ द मैच मिला। सिन्द्रा क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए मैच में एसएमआर क्रिकेट एकेडमी ने सीएएल व्हाइट को 34 रनों से शिकस्त दी।

एसएमआर एकेडमी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 35 ओवरों में 5 विकेट पर 239 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया, जिसमें आदर्श वर्मा ने 104 रनों का शानदार शतक लगाया और ओम ठाकुर ने नाबाद 90 रन बनाए। काल व्हाइट के कफील अहमद ने 2 विकेट लिए। जवाब में सीएएल व्हाइट की टीम 35 ओवरों में 6 विकेट पर 205 रन ही बना सकी। यश वर्धन सिंह नेगी ने नाबाद 67 और दिव्यांश जोशी ने नाबाद 76 रनों की संघर्षपूर्ण पारियां खेलीं, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। विजेता टीम से आदर्श वर्मा मैन आॅफ द मैच बने। जीसीआरजी क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए मुकाबले में सोनी क्रिकेट क्लब ने कूह स्पोर्ट्स क्रिकेट क्लब को 7 विकेट से एकतरफा मात दी। टॉस जीतकर पहले खेलने उतरी कूह स्पोर्ट्स की टीम 35 ओवरों में 9 विकेट खोकर 168 रन ही बना सकी, जिसमें वत्सल्य ने 44 रन बनाए।

सोनी क्रिकेट क्लब के सूरज यादव ने 3 विकेट झटके। जवाब में सोनी क्रिकेट क्लब ने महज 19.1 ओवरों में 3 विकेट खोकर 169 रन बनाकर मैच जीत लिया। उत्कर्ष यादव ने 70 रनों की नाबाद पारी खेली और अश्वनी कुमार ने नाबाद 51 रन बनाए, जबकि विरोधी टीम के वत्सल्य को 2 विकेट मिले। उत्कर्ष यादव को मैन आॅफ द मैच मिला। जीसीआरजी बी ग्राउंड पर खेले गए मैच में यूथ क्रिकेट क्लब ने ब्लेज विलो क्रिकेट एकेडमी को 34 रनों से हरा दिया। यूथ क्रिकेट क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 35 ओवरों में 8 विकेट खोकर 172 रन बनाए, जिसमें दिव्यांश सिंह ने नाबाद 54 और कप्तान शौर्य प्रताप बिंद ने 32 रन बनाए।

ब्लेज विलो के गेंदबाज विशाल ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 6 विकेट चटकाए। जवाब में ब्लेज विलो की टीम यूथ क्रिकेट क्लब के कप्तान शौर्य प्रताप बिंद की घातक गेंदबाजी के आगे टिक नहीं सकी और 28.1 ओवरों में 138 रनों पर ढेर हो गई। शौर्य प्रताप ने 6 विकेट झटके, जबकि ब्लेज विलो के लिए आर्यांश पांडे ने सर्वाधिक 31 रन बनाए। शौर्य प्रताप बिंद को उनके बेहतरीन आॅलराउंड खेल के लिए मैन आॅफ द मैच चुना गया।

वहीं,सूर्या ग्राउंड पर खेले गए मुकाबले में सीएएल ग्रे ने सीएएल पिंक को 39 रनों से हरा दिया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सीएएल ग्रे ने निर्धारित 35 ओवरों में 8 विकेट खोकर 282 रनों का मजबूत स्कोर बनाया। टीम के लिए सलामी बल्लेबाज सूर्यांश राय ने 76 गेंदों पर 18 चौकों व 1 छक्के की मदद से 116 रनों की शतकीय पारी खेली, जबकि कप्तान रुद्रांश वार्ष्णेय ने 66 रन जोड़े। सीएएल पिंक के सुमित कुमार ने 2 विकेट लिए। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी सीएएल पिंक की टीम 35 ओवरों में 9 विकेट पर 243 रन ही बना सकी। टीम की ओर से उत्कर्ष यादव ने 50 और संदेश पाल ने 49 रन बनाए। सीएएल ग्रे के गेंदबाज अभिषेक मिश्रा और सूर्यांश राय ने घातक गेंदबाजी करते हुए 3-3 विकेट चटकाए। शानदार शतकीय पारी और 3 विकेट लेने वाले सूर्यांश राय को ‘मैन आॅफ द मैच’ चुना गया।

Back to top button