
रामनाथ रावत
सीतापुर। आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती परीक्षा को पूरी तरह नकलविहीन, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए सोमवार को सीतापुर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट नजर आया।
परीक्षा की शुचिता सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी डाक्टर राजागणपति आर० और पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने भारी पुलिस बल के साथ जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने केंद्रों पर सुरक्षा इंतजाम, सीसीटीवी कैमरों की स्थिति और अभ्यर्थियों की चेकिंग प्रक्रिया को बारीकी से परखा। जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापकों को सख्त निर्देश दिए कि परीक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही या गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों को मुस्तैद रहने और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए।प्रशासन की इस सक्रियता से परीक्षा केंद्रों पर हड़कंप का माहौल रहा, वहीं शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से परीक्षा संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।





