पानी की टंकी पर चढ़ी महिला ने पुलिस पर लगाया गंभीर आरोप

पुलिसिया प्रताड़ना और न्याय न मिलने से क्षुब्ध

रामनाथ रावत

सीतापुर। उत्तर प्रदेश के सीतापुर जनपद से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पुलिसिया प्रताड़ना और न्याय न मिलने से क्षुब्ध होकर एक महिला सुबह-सुबह पानी की ऊंची टंकी पर चढ़ गई। घटना के बाद प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया।

मामला शहर के नगर पालिका क्षेत्र स्थित स्वरूप नगर मोहल्ले का है। मंगलवार सुबह करीब 8 बजे एक महिला को पानी की टंकी पर चढ़ा देख स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही एसडीएम, सिटी मजिस्ट्रेट और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। महिला अपनी समस्या सीधे जिलाधिकारी को बताने की मांग पर अड़ी थी।

सुरक्षा को देखते हुए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर रहा। अधिकारियों द्वारा काफी देर तक की गई मान-मनौवल और समझौते के प्रयासों के बाद, महिला की फोन पर जिलाधिकारी से वार्ता कराई गई। डीएम से आश्वासन मिलने के बाद महिला शांत हुई और उसे सुरक्षित नीचे उतारा गया। टंकी से नीचे उतरने के बाद पीड़ित महिला ने रोते हुए पुलिस प्रशासन पर बेहद गंभीर आरोप लगाए।

महिला का कहना है कि शहर का ही एक दबंग युवक उसकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर भगा ले गया है। जब वह इसकी शिकायत लेकर थाने गई, तो पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने से साफ इनकार कर दिया। महिला ने आरोप लगाया कि हद तो तब हो गई जब पुलिस ने आरोपियों से साठगांठ कर ली।

न्याय देने के बजाय पुलिस ने उल्टा पीड़ित महिला के खिलाफ ही मुकदमा दर्ज कर दिया। महिला के मुताबिक, इसी अन्याय और पुलिसिया प्रताड़ना से तंग आकर उसे न्याय पाने के लिए यह आत्मघाती कदम उठाना पड़ा। फिलहाल प्रशासन मामले की जांच में जुट गया है।

Back to top button