भारत डिजिटल भुगतान के क्षेत्र में अग्रणी बनकर उभरा-जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत

जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने धौलपुर में की प्रेसवार्ता

रिपोर्ट – सिद्धार्थ जैन

जयपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों को लेकर जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने रविवार को जिला कलेक्ट्रेट धौलपुर में प्रेसवार्ता की।

उन्होंने विकास, विश्वास और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने गरीब, किसान, युवा, महिला, मध्यम वर्ग और वंचित वर्गों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया है।

मंत्री रावत ने कहा कि भारत डिजिटल भुगतान के क्षेत्र में अग्रणी बनकर उभरा है। यूपीआई के माध्यम से देश में डिजिटल भुगतान लेनदेन का लगभग 85 प्रतिशत हिस्सा संचालित हो रहा है और रीयल टाइम डिजिटल भुगतान में भारत की हिस्सेदारी विश्व में करीब आधी है। उन्होंने कहा कि आज का युवा नौकरी मांगने वाला नहीं बल्कि रोजगार देने वाला बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कृषि क्षेत्र की उपलब्धियां बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत 4 लाख 30 हजार करोड़ रुपये सीधे किसानों के खातों में हस्तांतरित किए गए हैं। करीब 4 करोड़ किसानों को 2 लाख करोड़ रुपये का फसल बीमा उपलब्ध कराया गया। एमएसपी पर 26 लाख करोड़ रुपये की फसल खरीद की गई और 8 करोड़ किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड दिए गए। कृषि क्षेत्र में ड्रोन, डिजिटल प्लेटफॉर्म और आधुनिक तकनीक के उपयोग को बढ़ावा दिया गया है।

महिला सशक्तिकरण और स्वास्थ्य योजनाओं का किया उल्लेख

रावत ने कहा कि महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में 32 करोड़ महिलाओं के जनधन खाते खोले गए हैं। 3 करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी अभियान से जोड़ा गया है, जबकि 91 लाख स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से 10 करोड़ ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का प्रयास किया गया। उज्ज्वला योजना से करोड़ों महिलाओं को धुएं से राहत मिली है।

उन्होंने स्वास्थ्य क्षेत्र में कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत 60 करोड़ लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा मिली है। 70 वर्ष से अधिक आयु के सभी बुजुर्गों को 5 लाख रुपये तक के मुफ्त उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। देश में एमबीबीएस सीटों की संख्या में 151 प्रतिशत की वृद्धि हुई है और करीब 1.3 लाख सीटें उपलब्ध हैं। 23 नए एम्स की स्थापना की गई है।

इंफ्रास्ट्रक्चर और सुरक्षा क्षेत्र में उपलब्धियां बताई

जल संसाधन मंत्री ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत 12 करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण हुआ। देश के सभी घरों का विद्युतीकरण किया गया और इंटरनेट उपयोगकर्ताओं की संख्या करीब 100 करोड़ तक पहुंच गई है। रेलवे, सड़क और हवाई क्षेत्र में तेजी से विकास हुआ है। उन्होंने बताया कि 164 वंदे भारत ट्रेनें संचालित हो रही हैं और 90 से अधिक हवाई अड्डों का निर्माण किया गया है।

उन्होंने अटल सेतु, सुदर्शन सेतु, चिनाब रेल ब्रिज, बोगीबील ब्रिज और पावन समुद्री पुल जैसे बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर जैसे अभियानों ने भारत की सामरिक क्षमता को प्रदर्शित किया है।

रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र के साथ देश आगे बढ़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार की योजनाओं से समाज के सभी वर्गों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया है।

Back to top button