
रामनाथ रावत
सीतापुर।ज्येष्ठ मास के सातवें बड़े मंगल के पावन अवसर पर मंगलवार को सिधौली में भारी धार्मिक उत्साह देखने को मिला। इस शुभ अवसर पर सिधौली इंडेन गैस एजेंसी के निकट क्षेत्रीय विधायक मनीष रावत द्वारा एक भव्य विशाल भंडारे का आयोजन किया गया।
भंडारे का शुभारंभ संकटमोचन श्री हनुमान जी महाराज की पूजा-अर्चना और आरती के साथ हुआ। इसके बाद क्षेत्रीय विधायक मनीष रावत ने अपने सहयोगियों, प्रियजनों और स्थानीय संभ्रांत नागरिकों के साथ मिलकर स्वयं श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया। भंडारे में आने वाले भक्तों को पूरी-सब्जी, ठंडा शरबत, और बूंदी का प्रसाद अत्यंत श्रद्धा भाव से परोसा गया। भीषण गर्मी के बीच ठंडे शरबत और प्रसाद पाकर श्रद्धालुओं ने राहत महसूस की और बजरंगबली के जयकारे लगाए।
इस धार्मिक आयोजन में भारतीय जनता पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी भी शामिल हुए। मुख्य रूप से भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला, एमएलसी पवन चौहान और नगर अध्यक्ष गंगाराम राजपूत ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और हनुमान जी का आशीर्वाद लेकर प्रसाद वितरण कार्य में हाथ बंटाया। इसके अलावा क्षेत्र के तमाम गणमान्य नागरिक, समाज सेवी और सैकड़ों की संख्या में स्थानीय श्रद्धालु इस भव्य भंडारे में सम्मिलित हुए और पुण्य लाभ कमाया। दोपहर से शुरू हुआ यह भंडारा देर शाम तक अनवरत चलता रहा।





