
रामनाथ रावत
सीतापुर। जिला प्रशासन ने सोमवार सुबह एक बड़ी कार्रवाई करते हुए टाउन हॉल परिसर स्थित समाजवादी पार्टी (सपा) के जिला कार्यालय को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। यह पूरी कार्रवाई भारी सुरक्षा बल की मौजूदगी में पांच बुलडोजरों की मदद से की गई।
जानकारी के अनुसार, टाउन हॉल परिसर की नजूल भूमि को 15 जनवरी 2005 को तत्कालीन नगर पालिका अध्यक्ष राधेश्याम जायसवाल द्वारा सपा कार्यालय के लिए मात्र 100 रुपये वार्षिक किराये पर आवंटित किया गया था। हालांकि, आवंटन के बाद ही इसके निर्माण को लेकर विवाद खड़ा हो गया। नियमों के उल्लंघन और प्रक्रिया में खामियों के आरोपों के चलते नगर पालिका परिषद ने महज तीन महीने बाद, यानी 14 अप्रैल 2005 को ही उक्त आवंटन को निरस्त कर दिया था।
निरस्तीकरण के बावजूद इस भवन का उपयोग लगातार जारी रहा। यह मामला बाद में प्रशासनिक और न्यायिक प्रक्रिया में पहुंचा। डीएम कोर्ट में लंबी सुनवाई के बाद आखिरकार परिसर को खाली कराने का अंतिम आदेश जारी किया गया। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, यह जिला कार्यालय काफी लंबे समय से सरकारी जमीन पर अवैध रूप से बना हुआ था, जिसे लेकर प्रशासन द्वारा सपा पदाधिकारियों को लगातार कानूनी नोटिस जारी किए जा रहे थे।
लगातार मिल रहे नोटिस और न्यायिक दबाव के बाद, सपा पदाधिकारियों ने दो दिन पहले ही कार्यालय से अपना सारा सामान समेटकर उसे पूरी तरह खाली कर दिया था। इमारत के खाली होते ही सोमवार सुबह प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी।
ध्वस्तीकरण के दौरान किसी भी प्रकार के विरोध या हंगामे की स्थिति से निपटने के लिए टाउन हॉल परिसर और आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। प्रशासन ने पांच बुलडोजरों को एक साथ लगाकर पूरी इमारत को देखते ही देखते जमींदोज कर दिया।





