
लखनऊ ।जनपद अम्बेडकरनगर के थाना बेवाना क्षेत्र में एसटीएफ के साथ हुई मुठभेड़ में एक लाख का पुरस्कार घोषित कुख्यात अपराधी विक्की उर्फ आसिम अली उर्फ नक्शे हसन उर्फ पेंदा घायल हो गया। जिसकी इलाज के दौरान मृत्यु हो गयी।
अपर पुलिस अधीक्षकराज कुमार मिश्रा ने बताया की निरीक्षक सचिन कुमार के नेतृत्व में उप निरीक्षक सनत कुमार के साथ टीम गठित कर अपराधियों के खिलाफ अभिसूचना संकलन की कार्यवाही पूर्व से ही की जा रही थी। इस दौरान छैमार गैंग के अम्बेडकर नगर टांडा क्षेत्र में सक्रिय होने की अभिसूचना प्राप्त हुई।
ये छैमार गैंग के अपराधी गम्भीर एवं वीभत्स तरीके से घटना कारित करते हैं, जिसमें डकैती के दौरान हत्या एवं दुर्व्यवहार कारित करते हैं। इस छैमार गैंग के अपराधी दूर-दूर घटना कारित करते हैं तथा आम लोगों से सामान्यतः दूरी बनाकर रखते हैं, जिससे इनकी पहचान करना बहुत ही मुश्किल हो जाता है। मुखबिर के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि यह अपराधी अपने साथी के साथ किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में है।
इस सूचना पर तत्काल प्रतिक्रिया करते हुए प्रातः काल में बेवाना से सुल्तानपुर की ओर जाते हुए कुशालपुर गांव के चौराहे के समीप एक मोटरसाईकिल पर 02 व्यक्ति आते हुए दिखायी दिये। एसटीएफ टीम द्वारा गाड़ी रोककर उन व्यक्तियों को टार्च की रोशनी में रोकने का प्रयास किया तो मोटर साईकिल सवार भागने लगे।
दोनों व्यक्तियों के द्वारा पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से फायरिंग की गयी। जिसमें से एक गोली निरीक्षक सचिन कुमार की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी तथा एक गोली मुख्य आरक्षी ओमनाथ चौहान के दाहिने हाथ को घायल करते हुए निकली।
एसटीएफ टीम की जवाबी फायरिंग में विक्की उर्फ आसिम अली उर्फ नक्शे हसन उर्फ पेंदा पुत्र बाबू अली उर्फ मजहर हुसैन निवासी-ग्राम मकनपुर थाना बिल्हौर, जनपद कानपुर नगर घायल हो गया। जिसकी उपचार के दौरान मृत्यु हो गयी। जबकि दूसरा बदमाश जंगल एवं अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में कामयाब हो गया।





