
जयपुर। क्वांटम एसेटमैनेजमेंट कंपनी (क्वांटम एएमसी) ने राजस्थान की राजधानी जयपुर में अपने नए कार्यालय का शुभारंभ किया है। कंपनी ने इसे उत्तर भारत में अपनी उपस्थिति मजबूत करने और निवेशकों तथा डिस्ट्रीब्यूटर्स तक बेहतर पहुंच बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। जयपुर कार्यालय के साथ देशभर में कंपनी की शाखाओं की संख्या बढ़कर 14 हो गई है।
कंपनी के अनुसार, जयपुर उत्तर भारत के तेजी से विकसित हो रहे प्रमुख निवेश बाजारों में शामिल है। पर्यटन, रत्न एवं आभूषण, सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी), स्वास्थ्य सेवाओं और शिक्षा जैसे क्षेत्रों में लगातार विकास के कारण शहर में निवेश के प्रति लोगों की रुचि बढ़ रही है।
क्वांटम एएमसी ने बताया कि राजस्थान देश की तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। राज्य का सकल राज्य घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) वर्ष 2016-17 के लगभग 8.9 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर वर्ष 2025-26 में 18.30 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। बुनियादी ढांचे, औद्योगिक विकास, नवीकरणीय ऊर्जा, लॉजिस्टिक्स, पर्यटन और शहरीकरण में निवेश के साथ-साथ दिल्ली-मुंबई इंडस्ट्रियल कॉरिडोर (डीएमआईसी), बेहतर सड़क संपर्क, एयरपोर्ट इन्फ्रास्ट्रक्चर और औद्योगिक पार्क जैसी परियोजनाएं आर्थिक विकास को गति दे रही हैं।
कंपनी ने एएमएफआई के आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि 31 मार्च, 2026 तक राजस्थान का औसत म्यूचुअल फंड एसेट्स अंडर मैनेजमेंट (एएयूएम) 1.52 लाख करोड़ रुपये से अधिक रहा, जो देश के कुल एएयूएम का लगभग दो प्रतिशत है। इनमें अकेले जयपुर का एएयूएम 68,335.60 करोड़ रुपये रहा, जो राज्य के कुल एएयूएम का करीब 44.75 प्रतिशत है। वहीं, 31 मई, 2026 तक राजस्थान में म्यूचुअल फंड निवेश का आकार लगभग 1.65 लाख करोड़ रुपये दर्ज किया गया। कंपनी के अनुसार, इक्विटी आधारित योजनाओं में लगातार बढ़ता निवेश निवेशकों के बढ़ते भरोसे का संकेत है।
इस अवसर पर क्वांटम एएमसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सीमांत शुक्ला ने कहा कि राजस्थान में तेजी से हो रहे शहरीकरण, आधारभूत ढांचे के विकास और वित्तीय जागरूकता के कारण जयपुर कंपनी के लिए एक महत्वपूर्ण बाजार बन गया है। उन्होंने कहा कि नए कार्यालय के माध्यम से कंपनी राजस्थान और आसपास के क्षेत्रों में निवेशकों तथा डिस्ट्रीब्यूटर्स के साथ अपने संबंधों को और मजबूत करेगी तथा दीर्घकालिक निवेश समाधानों को अधिक लोगों तक पहुंचाएगी।
कंपनी के अनुसार, पिछले एक तिमाही के दौरान उसने तीन नए शहरों में शाखाएं खोली हैं। जयपुर कार्यालय के शुरू होने के साथ उसका वितरण नेटवर्क और निवेशकों तक पहुंच पहले से अधिक मजबूत होगी।
(नोट: म्यूचुअल फंड निवेश बाजार जोखिमों के अधीन हैं। निवेश करने से पहले योजना से संबंधित सभी दस्तावेजों को ध्यानपूर्वक पढ़ें।)





