
रामनाथ रावत
सीतापुर। उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में जिला प्रशासन ने एक बड़ी कार्रवाई शुरू की है। समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक अनूप गुप्ता के मकान सहित प्लाईवुड की करीब 25 बीघा भूमि पर बने दो दर्जन से अधिक मकानों पर प्रशासन का डंडा चला है।
न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने का अवसर
जिलाधिकारी के निर्देश पर राजस्व टीम ने संबंधित सभी भवनों पर नोटिस चस्पा कर दी है। इस औचक कार्रवाई के बाद से पूरे इलाके और राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया है। स्थानीय प्रशासन के अधिकारियों के मुताबिक, यह पूरी कार्रवाई जिलाधिकारी न्यायालय में लंबित एक मामले की विधिक प्रक्रिया के तहत की जा रही है। राजस्व विभाग के नियमों का पालन करते हुए अवैध निर्माण और विवादित भूमि को लेकर यह कदम उठाया गया है।
प्रशासन ने इस मामले में मानवीय और कानूनी पक्षों का ध्यान रखते हुए संबंधित भू-स्वामियों और मकान मालिकों को राहत दी है। सभी प्रभावित पक्षों को एक निश्चित समयावधि के भीतर अपना पक्ष रखने और जमीन से जुड़े आवश्यक वैध अभिलेख (दस्तावेज) न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नोटिस की अवधि समाप्त होने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
आगामी कदम राजस्व अभिलेखों की जांच, उपलब्ध कराए गए दस्तावेजों की सत्यता और न्यायालय द्वारा जारी अंतिम आदेशों के आधार पर ही उठाया जाएगा।





