सीतापुर डीएम और एसपी ने किया शारदा नदी तटीय गांवों का स्थलीय निरीक्षण

ग्रामीणों से बातचीत कर संकट में हर संभव मदद का दिया भरोसा

रामनाथ रावत

सीतापुर। मानूसन के सीजन में नदियों के बढ़ते जलस्तर और कटान के खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।

इसी क्रम में शनिवार को जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. और पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने बिसवां तहसील के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। दोनों आला अधिकारियों ने शारदा नदी के तटीय ग्राम म्योंडी छोलहा और श्रीरामपुरवा का जमीनी निरीक्षण कर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया और मातहतों को कड़े निर्देश जारी किए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने नदी के कटान को रोकने के लिए बनाए जा रहे स्टड निर्माण कार्य का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने मौके पर मौजूद सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता विशाल पोरवाल को सख्त लहजे में निर्देशित किया कि कटान रोकने के लिए बन रहे स्टड का निर्माण कार्य हर हाल में समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए।

डीएम ने साफ कहा कि कार्य की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके बाद डीएम ने स्थानीय ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और उन्हें ढांढस बंधाते हुए विश्वास दिलाया कि संकट की इस घड़ी में जिला प्रशासन उनके साथ खड़ा है और हर संभव मदद मुहैया कराई जाएगी।

वहीं, सुरक्षा व्यवस्था और आपदा प्रबंधन को परखने पहुंचे पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने बाढ़ चौकियों का निरीक्षण किया। एसपी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि वे आपदा प्रबंधन और राहत कार्यों के लिए चौबीसों घंटे अलर्ट मोड पर रहें। उन्होंने किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए स्थानीय स्तर पर बेहतर समन्वय बनाने की बात कही।इस स्थलीय

निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी बिसवां आकांक्षा गौतम सहित राजस्व, पुलिस और सिंचाई विभाग के तमाम जिम्मेदार अधिकारी और कर्मचारी मौके पर मुस्तैद रहे।

Back to top button