राजस्थान विधानसभा के 75वें वर्ष पर पहली बार ‘विधायी गौरव यात्रा’

जुलाई को जुटेंगे वर्तमान और पूर्व विधायक

रिपोर्ट – सिद्धार्थ जैन

जयपुर। राजस्थान विधानसभा के गठन के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 15 जुलाई को पहली बार ‘विधायी गौरव यात्रा’ का आयोजन किया जाएगा।

विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने बताया कि यह विधानसभा के अमृत महोत्सव का पहला और ऐतिहासिक कार्यक्रम होगा, जिसमें वर्तमान एवं पूर्व विधायक एक ही मंच पर जुटेंगे। राजस्थान से निर्वाचित लोकसभा और राज्यसभा के सांसदों को भी समारोह में आमंत्रित किया गया है।

उन्होंने कहा कि संभवतः देश की किसी भी विधानसभा में इस तरह का आयोजन पहली बार हो रहा है। यह कार्यक्रम लोकतांत्रिक परंपराओं और विधायी गौरव का अनूठा उत्सव बनेगा।

समारोह का उद्घाटन 15 जुलाई को सुबह 10 बजे ओम बिरला के मुख्य आतिथ्य में होगा, जबकि शाम 4 बजे आयोजित समापन समारोह के मुख्य अतिथि सी. पी. राधाकृष्णन होंगे। कार्यक्रम में हरिभाऊ बागडे और भजन लाल शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

अमृत महोत्सव के तहत दो विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें विधानसभा के 75 वर्षों के दौरान पारित 24 महत्वपूर्ण कानूनों पर चर्चा होगी। इन सत्रों में 16 वर्तमान और पूर्व विधायक अपने अनुभव साझा करेंगे। समारोह में 100 वर्षीय पूर्व विधायक पंडित रामकिशन सहित अनेक पूर्व विधायक भी भाग लेंगे।

विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि इस अवसर पर पूर्व विधानसभा अध्यक्षों, उपाध्यक्षों और वरिष्ठतम विधायकों का विशेष सम्मान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह आयोजन लोकतांत्रिक मूल्यों, जनसेवा की परंपरा, महिला शक्ति, युवा ऊर्जा और जनविश्वास का प्रतीक बनेगा तथा अतीत के अनुभवों, वर्तमान की उपलब्धियों और भविष्य की संभावनाओं को एक मंच पर जोड़ने का कार्य करेगा।

कार्यक्रम का सीधा प्रसारण राजस्थान विधानसभा के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर किया जाएगा।

Back to top button