पहली ‘बिश्नोई महिला बिजनेस समिट’ में 250 से अधिक महिलाओं ने लिया आत्मनिर्भरता का संकल्प

बिश्नोई समाज में महिला उद्यमिता का नया अध्याय

रिपोर्ट – सिद्धार्थ जैन

जयपुर। बिश्नोई समाज के इतिहास में पहली बार आयोजित ‘बिश्नोई महिला बिजनेस समिट-2026’ ने महिला उद्यमिता और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में नया अध्याय जोड़ दिया।

बिश्नोई ग्लोबल काउंसिल के तत्वावधान में तथा बिश्नोई ग्लोबल कन्वेंशन एवं एक्सपो (BGCE-2026) के अंतर्गत आयोजित इस सम्मेलन में देशभर से 250 से अधिक महिला उद्यमियों, व्यवसायियों, डॉक्टरों, शिक्षाविदों, चार्टर्ड अकाउंटेंट्स, अधिवक्ताओं, स्टार्टअप फाउंडर्स और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी महिलाओं ने भाग लिया।

राजस्थान के लगभग सभी जिलों के अलावा पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों से महिलाओं की भागीदारी रही। सम्मेलन का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना, उद्यमिता को बढ़ावा देना और उन्हें व्यापार एवं उद्योग की मुख्यधारा से जोड़ना था।

महिला उद्यमिता और नेतृत्व पर मंथन

सम्मेलन के विभिन्न सत्रों में प्रतिभागियों ने अपने संघर्ष, सफलता की कहानियां और व्यवसायिक अनुभव साझा किए। वक्ताओं ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद तकनीक, कौशल और दृढ़ संकल्प के बल पर महिलाएं बड़े लक्ष्य हासिल कर सकती हैं। कई महिलाओं ने स्वयं का व्यवसाय शुरू करने तथा अन्य महिलाओं को भी उद्यमिता के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।

मुख्य अतिथि ने दिया सहयोग और नेटवर्किंग का संदेश

मुख्य अतिथि एवं उद्यमी मधु बिश्नोई ने महिलाओं से आत्मविश्वास के साथ व्यापार और उद्योग में आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यदि महिलाएं एक-दूसरे का सहयोग करें, नेटवर्क बनाएं और अनुभव साझा करें तो समाज की आर्थिक तस्वीर बदल सकती है। उन्होंने भविष्य में भी महिलाओं को हरसंभव मार्गदर्शन और सहयोग देने का भरोसा दिलाया।

कौशल आधारित व्यवसायों पर जोर

कार्यक्रम की अध्यक्ष निर्मला बिश्नोई, जो तीन हजार से अधिक महिलाओं को प्रशिक्षण दे चुकी हैं, ने सिलाई, कढ़ाई, टेक्सटाइल और घरेलू उद्योगों के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि उचित प्रशिक्षण और बाजार मिलने पर समाज की महिलाएं राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना सकती हैं।

सितंबर में होगा बिश्नोई ग्लोबल कन्वेंशन एवं एक्सपो

बिश्नोई ग्लोबल कन्वेंशन एवं एक्सपो के संस्थापक एवं अध्यक्ष रमेश बावल ने 18 से 20 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाले बिश्नोई ग्लोबल कन्वेंशन एवं एक्सपो की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि यह केवल प्रदर्शनी नहीं, बल्कि समाज को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का राष्ट्रीय अभियान है। उन्होंने महिलाओं से एक्सपो में उद्यमी, प्रदर्शक, वक्ता और आयोजक के रूप में सक्रिय भागीदारी की अपील की।

मेंटरशिप नेटवर्क बनेगा

सम्मेलन में महिला उद्यमियों का मजबूत नेटवर्क और मेंटरशिप प्लेटफॉर्म विकसित करने का निर्णय लिया गया। इसके तहत नई उद्यमियों को अनुभवी महिलाओं का मार्गदर्शन मिलेगा। साथ ही डिजिटल मार्केटिंग, ई-कॉमर्स, स्टार्टअप, एमएसएमई, सरकारी योजनाओं और निर्यात जैसे विषयों पर नियमित प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

प्लास्टिक मुक्त रहा आयोजन

सम्मेलन को पर्यावरण अनुकूल बनाते हुए संपूर्ण आयोजन सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त रखा गया। पर्यावरणविद खम्मूराम बिश्नोई के नेतृत्व में ‘कोशिश पर्यावरण सेवक टीम’ ने तांबे के लोटों से जल सेवा उपलब्ध कराई।

‘एक सफल महिला-दस नई महिला उद्यमी’ का लिया संकल्प

समापन समारोह में प्रतिभागियों ने ‘एक सफल महिला-दस नई महिला उद्यमी’ तैयार करने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने इसे बिश्नोई समाज में महिला आर्थिक सशक्तिकरण, उद्यमिता और नेतृत्व के नए युग की शुरुआत बताते हुए “हर घर उद्यमी, हर गांव आत्मनिर्भर” का संदेश दिया।

Back to top button