
रिपोर्ट – सिद्धार्थ जैन
जयपुर। राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) द्वारा आयोजित उप निरीक्षक/प्लाटून कमांडर संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा-2025 की लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के लिए पुलिस भर्ती एवं पदोन्नति बोर्ड ने शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) का कार्यक्रम जारी कर दिया है।
अभ्यर्थी आज (29 जुलाई) से अपने एडमिट कार्ड राज्य के आधिकारिक एसएसओ पोर्टल के माध्यम से डाउनलोड कर सकेंगे।
पुलिस भर्ती एवं पदोन्नति बोर्ड के उप महानिरीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थी बुधवार, 29 जुलाई से अपनी एसएसओ आईडी के माध्यम से लॉग-इन कर रिक्रूटमेंट पोर्टल से प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।
बोर्ड के अनुसार शारीरिक दक्षता परीक्षा का आयोजन 3 अगस्त से 13 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन सुबह 5 बजे से किया जाएगा। परीक्षा राज्य के सात रेंज मुख्यालय—जयपुर, जोधपुर, कोटा, अजमेर, भरतपुर, बीकानेर और उदयपुर—में आयोजित होगी। अभ्यर्थियों को परीक्षा के लिए अलग से कोई व्यक्तिगत सूचना या डाक द्वारा प्रवेश पत्र नहीं भेजा जाएगा।
शारीरिक दक्षता परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र में अंकित तिथि एवं समय पर निर्धारित परीक्षा केंद्र पर उपस्थित होना अनिवार्य होगा। परीक्षा केंद्र पर प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों को मूल प्रवेश पत्र, मूल आधार कार्ड एवं उसकी एक छायाप्रति, दो नवीनतम रंगीन पासपोर्ट आकार के फोटो तथा सरकार द्वारा जारी किसी अन्य मूल फोटोयुक्त पहचान पत्र एवं उसकी छायाप्रति साथ लानी होगी।
पुलिस भर्ती एवं पदोन्नति बोर्ड ने सभी अभ्यर्थियों से समय पर एडमिट कार्ड डाउनलोड कर आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित तिथि पर परीक्षा केंद्र पहुंचने की अपील की है।





