
रामनाथ रावत
सीतापुर। विकास खंड गोंदलामऊ की ग्राम पंचायत रसूलपुर में उचित दर विक्रेता (कोटा) के चयन को लेकर विवाद खड़ा हो गया है।
सहोली निवासी हिमांशू पुत्र जियालाल ने जिला अधिकारी सीतापुर सहित अन्य उच्चअधिकारियों को एक शिकायती पत्र सौंपकर चयन प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाया है। पीड़ित ने निष्पक्ष जांच कराकर दोबारा मतगणना कराने और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।
उच्च अधिकारियों को दिए गए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया है कि रसूलपुर ग्राम पंचायत में कोटा चयन के लिए आयोजित खुली बैठक के दौरान नियमों को ताक पर रखकर मतदान कराया गया। शिकायतकर्ता का दावा है कि चुनाव प्रक्रिया में ऐसे कई लोगों से वोट डलवाए गए जो मतदान के पात्र ही नहीं थे।
इनमें कई नाबालिग बच्चे और गांव से विदा हो चुकीं विवाहित लड़कियां शामिल हैं। शिकायतकर्ता ने अपने दावों के समर्थन में जन्मतिथि, स्कूल के प्रमाण पत्र, आधार कार्ड और विवाह से जुड़े दस्तावेजी साक्ष्य भी प्रशासन को सौंपे हैं। शिकायतकर्ता हिमांशू का कहना है कि घोषित चुनाव परिणाम में विजयी उम्मीदवार को मात्र 6 वोटों के अंतर से विजेता माना गया है।
यदि अपात्र और अवैध मतों को जांच कर सूची से बाहर कर दिया जाए,तो चुनाव का पूरा परिणाम बदल जाएगा। पीड़ित ने मांग की है कि केवल वैध मतों के आधार पर ही दोबारा मतगणना कराई जाए और वास्तविक पात्र अभ्यर्थी को कोटा आवंटित किया जाए। प्रार्थना पत्र में चुनाव संपन्न कराने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े किए गए हैं।
आरोप है कि यह पूरी गड़बड़ी मिलीभगत या जानबूझकर की गई है, जो शासनादेशों का खुला उल्लंघन है। शिकायतकर्ता हिमांशू ने इस मामले की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराकर दोषी अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय और कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।





