पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने अत्याधुनिक सीसीटीवी कंट्रोल रूम का किया उद्घाटन

कानून व्यवस्था को और सुदृढ़ करने तथा अपराधियों व असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नकेल कसने के लिए

रामनाथ रावत

सीतापुर। जिले में कानून व्यवस्था को और सुदृढ़ करने तथा अपराधियों व असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नकेल कसने के लिए पुलिस विभाग ने एक बड़ी पहल की है।

बुधवार को सीतापुर के पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने सिधौली थाना परिसर में नवनिर्मित अत्याधुनिक सीसीटीवी कंट्रोल रूम का विधि-विधान से पूजा-अर्चन और फीता काटकर उद्घाटन किया।उद्घाटन के दौरान एसपी अंकुर अग्रवाल ने बताया कि यह नया कंट्रोल रूम पूरी तरह से अत्याधुनिक तकनीक से लैस है, जिसमें फिलहाल 40 हाई-रिज़ॉल्यूशन कैमरे जोड़े गए हैं।

भविष्य में इस क्षमता को बढ़ाकर 100 कैमरे करने की योजना है। इस हाई-टेक कंट्रोल रूम का मुख्य उद्देश्य सिधौली थाना क्षेत्र में अपराधों पर प्रभावी रोक लगाना और किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में पुलिस की त्वरित कार्रवाई को सुनिश्चित करना है। इस आधुनिक सिस्टम के जरिए क्षेत्र के प्रमुख चौराहों, बाजारों, संवेदनशील ठिकानों और भारी भीड़-भाड़ वाले इलाकों पर दिन-रात पैनी नजर रखी जाएगी।

इससे हुड़दंगियों, उपद्रवियों और संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त लोगों पर पुलिस तुरंत एक्शन ले सकेगी। इस उद्घाटन समारोह के अवसर पर सिधौली क्षेत्राधिकारी विशाल गुप्ता, कोतवाली प्रभारी विजयेंद्र सिंह समेत पुलिस विभाग के तमाम अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

इसके अलावा नगर पंचायत अध्यक्ष गंगाराम राजपूत, नामित सभासद देवीदयाल राठौर, पूर्व व्यापार मंडल अध्यक्ष प्रकाश रस्तोगी, वर्तमान मंडल अध्यक्ष संजय प्रकाश सिंह, वैभव जैन, योगेंद्र सिंह, राजू मिश्रा, गुड्डू जायसवाल और पूर्व सभासद अजीत सक्सेना सहित क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक और जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

Back to top button