सेफ सिटी अभियान में युवाओं को नशे से दूर रहने की दिलाई शपथ

सेफ सिटी अभियान के तहत हनुमानगढ़ जिला पुलिस की ओर से बुधवार को

रिपोर्ट – सिद्धार्थ जैन

जयपुर। सेफ सिटी अभियान के तहत हनुमानगढ़ जिला पुलिस की ओर से बुधवार को 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं के साथ विशेष संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया।

 

जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में जिले के विभिन्न कोचिंग एवं शिक्षण संस्थानों से आए सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को सेफ सिटी अभियान से जोड़ने के साथ उन्हें नशे और अपराध के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा सामाजिक जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम में वीडियो प्रेजेंटेशन के माध्यम से युवाओं को सेफ सिटी अभियान की कार्ययोजना, सेफ सिटी पोर्टल की कार्यप्रणाली तथा सेफ सिटी टीम द्वारा संवेदनशील एवं संदिग्ध स्थानों पर की जा रही निगरानी, सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई की जानकारी दी गई। इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने युवाओं से उनकी समस्याओं, सुझावों और जिज्ञासाओं पर सीधा संवाद किया।

लक्ष्य तय कर निरंतर प्रयास करें युवा

एसपी बी. आदित्य ने कहा कि जीवन में सफलता का मूल मंत्र स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करना और उसे हासिल करने के लिए निरंतर ईमानदार प्रयास करना है। दृढ़ संकल्प, सकारात्मक सोच और अनुशासन के साथ मेहनत की जाए तो जीवन की बड़ी से बड़ी बाधा को पार किया जा सकता है।

उन्होंने युवाओं से खेलों से जुड़ने और अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाने का आह्वान करते हुए कहा कि युवा वर्ग के सामने यह महत्वपूर्ण विकल्प है कि वे नशे और अपराध की राह चुनें या मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ अपने भविष्य का निर्माण करें। आज का युवा जिस दिशा में आगे बढ़ेगा, उसी से समाज और देश का भविष्य तय होगा।

नार्कोटिक्स टेररिज्म के खतरे से कराया अवगत

एसपी ने युवाओं को नार्कोटिक्स टेररिज्म के खतरे के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नशे के जरिए युवाओं की ऊर्जा, क्षमता और भविष्य को कमजोर किया जा सकता है। नशे से अर्जित अवैध धन संगठित अपराध और राष्ट्रविरोधी गतिविधियों को बढ़ावा देने का माध्यम बन सकता है।

उन्होंने कहा कि कई बार नशे की शुरुआत गलत संगत, अपराधी तत्वों के प्रभाव, दिखावटी जीवनशैली अथवा किसी समस्या से अस्थायी राहत पाने की कोशिश से होती है। धीरे-धीरे व्यक्ति नशे की निर्भरता में फंस सकता है और इसकी पूर्ति के लिए चोरी, लूट सहित अन्य अपराधों की ओर बढ़ सकता है। उन्होंने युवाओं से गलत संगत और नशे से पूरी तरह दूर रहने तथा अपने भविष्य के लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने की अपील की।

नाट्य प्रस्तुति से दिया नशामुक्ति का संदेश

कार्यक्रम में दर्पण कला मंच की ओर से नशे के दुष्प्रभावों पर नाट्य प्रस्तुति दी गई। प्रस्तुति के माध्यम से युवाओं को नशे से होने वाले सामाजिक और व्यक्तिगत नुकसान के प्रति जागरूक किया गया। इस अवसर पर एसपी बी. आदित्य ने युवाओं को नशे से दूर रहने की शपथ भी दिलाई।

उन्होंने शिक्षकों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षक स्वयं सफलता हासिल करने के साथ समाज के अन्य युवाओं को शिक्षित और सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने युवाओं से अपने शिक्षकों और अन्य मार्गदर्शकों से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय राज कंवर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक SIUCAW अरविंद, हनुमानगढ़ जंक्शन थानाधिकारी रामचंद्र कस्वा, हनुमानगढ़ टाउन थानाधिकारी लखवीर, सदर थानाधिकारी राजीव रॉयल, महिला थाना थानाधिकारी चंद्रकला, सेफ सिटी टीम प्रभारी जगदीश कड़वासरा, यातायात प्रभारी अनिल चंदा, कालिका पेट्रोलिंग यूनिट प्रभारी गायत्री चौधरी सहित पुलिस अधिकारी, शिक्षण एवं कोचिंग संस्थानों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Back to top button