
रामनाथ रावत
सीतापुर। उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में पुलिस प्रशासन ने कानून व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए प्रशासनिक फेरबदल किया है।
इसके तहत भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा प्रतिष्ठित ‘उत्कृष्ट विवेचक’ पदक से सम्मानित क्षेत्राधिकारी वेद प्रकाश श्रीवास्तव को सिधौली का नया क्षेत्राधिकारी नियुक्त किया गया है। रविवार को उन्होंने सिधौली पहुंचकर विधिवत अपनी कमान संभाल ली। इससे पहले वह महमूदाबाद के क्षेत्राधिकारी के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे।
सीओ वेद प्रकाश श्रीवास्तव का पुलिसिंग और क्राइम इन्वेस्टिगेशन में बेहतरीन ट्रैक रिकॉर्ड रहा है। वर्ष 2023 में अयोध्या की चर्चित सरयू एक्सप्रेस ट्रेन (14234) में महिला मुख्य आरक्षी सुमित्रा पटेल पर हुए जानलेवा हमले, यौन उत्पीड़न के प्रयास और लूट की सनसनीखेज वारदात ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था। इस बेहद चुनौतीपूर्ण मामले के खुलासे की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश एसटीएफ को सौंपी गई थी।
उस समय वेद प्रकाश श्रीवास्तव एसटीएफ में निरीक्षक के पद पर तैनात थे। उन्होंने वैज्ञानिक साक्ष्यों, फॉरेंसिक इनपुट और सटीक रणनीतिक तरीके से इस अंधेरे केस की कड़ियों को जोड़ा और मुख्य आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचाकर इस बड़ी वारदात का पर्दाफाश किया था। उनकी इसी उत्कृष्ट और वैज्ञानिक विवेचना को देखते हुए भारत सरकार के गृह मंत्रालय ने उन्हें इस सर्वोच्च सम्मान के लिए चुना था।
गृह मंत्रालय के निर्देश पर बीते 28 जुलाई 2026 को सीतापुर के पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने सीओ वेद प्रकाश श्रीवास्तव को प्रतिष्ठित ‘उत्कृष्ट विवेचक’ पदक से अलंकृत किया था।
पदभार ग्रहण करने के बाद नए क्षेत्राधिकारी वेद प्रकाश श्रीवास्तव ने कहा कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखना, अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना और पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। कोतवाली में आने वाले हर फरियादी की सुनवाई पूरी पारदर्शिता के साथ की जाएगी।





