
रामनाथ रावत
सीतापुर। उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में पुलिस बल का गौरव बढ़ाने वाली एक बड़ी खबर सामने आई है।
पुलिस महकमे में अपनी लंबी, निष्कलंक और सराहनीय सेवाओं से विभाग का मान बढ़ाने वाले 21 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा स्वीकृत ‘उत्कृष्ट सेवा पदक’ और ‘अति उत्कृष्ट सेवा पदक’ से नवाजा गया है।
सोमवार को पुलिस कार्यालय सीतापुर के सभागार में आयोजित एक भव्य एवं विशेष सम्मान समारोह के दौरान पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने सभी 21 पुलिसकर्मियों को अपने हाथों से पदक पहनाकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसपी अंकुर अग्रवाल ने सम्मानित कर्मियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य व स्वस्थ जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि यह पदक इन पुलिसकर्मियों की वर्षों की कठिन मेहनत, ईमानदारी और कर्तव्यपरायणता का परिणाम है।
यह सम्मान बाकी पुलिस बल के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगा कि वे अपने कर्तव्यों का पालन पूरी निष्ठा के साथ करें। इस सम्मान समारोह में उत्कृष्ट सेवा पदक से उपनिरीक्षक दिनेश सिंह, हेड कांस्टेबल अशोक कुमार, शमशुद्दीन, अनिल कुमार यादव, मुशीर आलम अंसारी, काशिम अली अंसारी, शैलेष कुमार, अविनाश कुमार सिंह, विजय प्रताप सिंह तथा कांस्टेबल ड्राइवर संतोष कुमार यादव व मोहम्मद शहनवाज को सम्मानित किया गया।
वहीं अति उत्कृष्ट सेवा पदक उपनिरीक्षक रमेश चन्द्र जायसवाल, विनोद कुमार यादव, देवेन्द्र कुमार सिंह, मनोज कुमार श्रीवास्तव सहित हेड कांस्टेबल शेर बहादुर सिंह, नरसिंह, अनिल कुमार सिंह, संतोष कुमार सिंह, जंग बहादुर यादव और सुरेश चन्द्र पाण्डेय को पदक प्रदान किया गया।





