सिधौली सिद्धेश्वर महादेव धाम में भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत संगम

सिधौली कस्बे के श्री सिद्धेश्वर महादेव धाम में इन दिनों आस्था, श्रद्धा और वैदिक परंपरा का

रामनाथ रावत

सीतापुर। सिधौली कस्बे के श्री सिद्धेश्वर महादेव धाम में इन दिनों आस्था, श्रद्धा और वैदिक परंपरा का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है।

शनिदेव महाराज के 18वें वार्षिकोत्सव के पावन उपलक्ष्य में आयोजित श्री सिद्धेश्वर रुद्र महायज्ञ एवं भक्ति-ज्ञान संत सम्मेलन के चौथे दिन शनिवार को भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। प्रातः काल की बेला में यज्ञाचार्य पंडित अम्बादत्त त्रिपाठी के नेतृत्व में सहयोगी आचार्यों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ धार्मिक अनुष्ठानों का विधि-विधान से शुभारंभ कराया गया।

पूरे मंत्रोच्चार से यज्ञ शाला का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।इस पावन अवसर पर मुख्य यजमान के रूप में नगर अध्यक्ष गंगाराम राजपूत एवं उनकी पत्नी मीना राजपूत ने यज्ञ मंडप में बैठकर भगवान श्री सिद्धेश्वर महादेव तथा न्याय के देवता शनिदेव महाराज का विधि-पूर्वक पूजन-वंदन किया।

इसके बाद दंपत्ति ने वैदिक रीति से हवन कुंड में आहुतियां समर्पित कीं। उन्होंने यज्ञाग्नि के सम्मुख शीश नवाकर विश्व शांति, राष्ट्र की उन्नति, सनातन धर्म की रक्षा तथा सर्व समाज के जनकल्याण की मंगलकामना की। महायज्ञ के दौरान पूरा धाम परिसर भगवान भोलेनाथ और शनिदेव महाराज के गगनभेदी जयकारों से गुंजायमान रहा।

इस धार्मिक अनुष्ठान में सिधौली और आस-पास के क्षेत्र से आए तमाम श्रद्धालुओं ने यज्ञ की परिक्रमा कर पुण्य लाभ कमाया। इस भक्तिमय अवसर पर मुख्य रूप से अनूप श्रीवास्तव, रामआसरे पाण्डेय, विमल कुमार शुक्ला, वेद मिश्रा, रामनरेश, प्रमोद राजपूत, ज्ञानेश पाल, विनोद तिवारी, राजेश मिश्रा और बच्चे बाजपेई सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक, समाज सेवी व बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Back to top button