
रामनाथ रावत
सीतापुर । अयोध्या धाम से हनुमानगढ़ी के पूज्य संत-महात्माओं का अटरिया के निकटवर्ती ग्राम कबरन स्थित डॉ. संदीप यादव के आवास पर गरिमामयी आगमन हुआ।
क्षेत्र में संतों के आगमन की जानकारी मिलते ही श्रद्धालुओं में भारी उत्साह और हर्ष का माहौल बन गया। दिव्य दर्शन और आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए बड़ी संख्या में क्षेत्रीय ग्रामीण व गणमान्य लोग मौके पर पहुंचे।
इस पावन अवसर पर हनुमानगढ़ी के महंत संदीप दास जी, महंत कल्याण दास जी, महंत अजीत दास जी, आशीष दास जी, रामविलास दास जी और हनुमानगढ़ी के मुख्य पुजारी रमेश दास जी सहित अन्य संत-महात्माओं ने उपस्थित श्रद्धालुओं को अपना मंगलमय आशीर्वाद प्रदान किया।
श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए महंत कल्याण दास जी ने अपने आशीर्वचन में कहा कि सनातन परंपरा में संतों का सानिध्य और भगवान के प्रति सच्ची श्रद्धा ही मनुष्य को सद्मार्ग की ओर ले जाती है। उन्होंने बल देकर कहा कि संत-महात्माओं के दर्शन और इस प्रकार के धार्मिक आयोजनों से समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे तथा निस्वार्थ सेवा की भावना मजबूत होती है।
महंत जी ने उपस्थित जनसमुदाय से धर्म, संस्कार और सदाचार के मार्ग पर चलते हुए समाज के जरूरतमंदों की सेवा करने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को अयोध्या धाम पहुंचकर हनुमानगढ़ी और प्रभु श्रीराम के दर्शन कर पुण्य लाभ कमाने का भी आमंत्रण दिया।
संत-महात्माओं के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त करने वालों में मुख्य रूप से सिधौली ब्लॉक प्रमुख रामबक्स रावत, डॉ. अशोक यादव, डॉ. राकेश यादव, श्री श्याम हॉस्पिटल के प्रबंधक डॉ. राकेश यादव, पूर्व प्रधान दिनेश यादव, प्रधान अवध नरेश, अमित शुक्ला, रामचंद्र यादव, डॉ. चंद्रशेखर प्रजापति, वायु नायक कश्यप, अधिवक्ता लोवलेश, अनूप लाल तिवारी सहित भारी संख्या में क्षेत्रीय श्रद्धालु और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।




