
रामनाथ रावत
सीतापुर।अटरिया थाना क्षेत्र में कार सवार दबंगों ने आतंक मचाते हुए एक युवक की कार में टक्कर मार दी और फिर उस पर लाठी-डंडों व लोहे की रॉड से जानलेवा हमला कर दिया। दबंग युवक को मरणासन्न हालत में छोड़कर मौके से भाग निकले।
गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए हिंद मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने प्रधान प्रतिनिधि सहित 4 नामजद और 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, दौदापुर निवासी प्रशांत त्रिपाठी अपनी कार से जा रहे थे। इसी दौरान तीन कारों में सवार होकर आए करीब 16 दबंगों ने उनकी कार में जोरदार टक्कर मार दी। प्रशांत के रुकते ही दबंगों ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया और लोहे की रॉड व डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमलावरों ने प्रशांत को इतनी बेरहमी से पीटा कि वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। जब वह अधमरे हो गए, तो आरोपी अपनी गाड़ियों से मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची अटरिया पुलिस ने घायल प्रशांत त्रिपाठी को तुरंत हिंद मेडिकल कॉलेज पहुंचाया।
डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है, जहां उनकी हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर पुलिस ने कान्हमऊ (थाना कमलापुर) निवासी अंशुल तिवारी, हिमांशु तिवारी, मनोज तिवारी और हीरपुर (कोतवाली सिधौली) निवासी आयुष शुक्ला (प्रधान प्रतिनिधि) को नामजद किया है। इनके करीबी 12 अन्य अज्ञात लोग भी हमले में शामिल होना बताया गया है । अटरिया पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी आरोपियों के खिलाफ बीएनएस (BNS) की धारा 109(1) के तहत जानलेवा हमले का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस टीमों का गठन कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।





