
रामनाथ रावत
सीतापुर। थाना कमलापुर क्षेत्र के ग्राम जैतनपुर में पैतृक और सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे और दबंगई का एक गंभीर मामला सामने आया है।
पीड़ित ग्रामीणों की बार-बार की गई शिकायतों के बाद हरकत में आई पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने जांच में मामला सही पाए जाने पर एक सहायक अध्यापक सहित एक ही परिवार के पांच लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।
ग्राम जैतनपुर निवासी प्रार्थी प्रमिल कुमार द्विवेदी ने अपनी पैतृक भूमि के विधिक स्वामी और सह-खातेदार हैं। राजस्व अभिलेखों में भी उनका नाम विधिवत दर्ज है। पीड़ित का आरोप है कि गांव के ही भूसी यादव और उनके पुत्रगण नरेंद्र, संदीप यादव, शिव गोविंद यादव तथा वीरेंद्र यादव द्वारा उनकी पैतृक भूमि पर अवैध रूप से कब्जा कर पक्का निर्माण कराया जा रहा था।
जब प्रमिल कुमार ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी, डराया-धमकाया और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। ग्रामीणों के मुताबिक, उक्त दबंगों के खिलाफ पूर्व में भी गांव के अन्य लोग शिकायतें कर चुके हैं।
मामले की गंभीरता और अन्य भूमिधरों के उत्पीड़न की आशंका को देखते हुए पुलिस प्रशासन हरकत में आया। पुलिस ने मामले की प्रारंभिक जांच कराई, जिसमें आरोपों की पुष्टि होने पर आरोपियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर ली है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल का निरीक्षण कर अवैध कब्जे और पक्के निर्माण का भौतिक सत्यापन कराया जा रहा है। साथ ही राजस्व विभाग के सहयोग से जमीन की पैमाइश और अन्य अभिलेखीय साक्ष्यों को सुरक्षित किया जा रहा है ताकि विवेचना को निष्पक्ष और मजबूत बनाया जा सके।
शिक्षक के आचरण पर सवाल, नौकरी पर खतरा
आरोपियों में शामिल भूसी यादव का पुत्र शिव गोविन्द यादव शिक्षा विभाग में सहायक अध्यापक के पद पर कार्यरत है। भूमि हड़पने, अवैध कब्जा करने और धमकी देने जैसे गंभीर आपराधिक मामले में नामजद होने के बाद शिक्षक के आचरण पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
कानूनी जानकारों और क्षेत्र में चल रही सुगबुगाहटों के अनुसार, यदि पुलिस विवेचना में आरोप पूरी तरह सिद्ध होते हैं और आरोपी शिक्षक की गिरफ्तारी होती है, तो 48 घंटे से अधिक जेल में रहने की स्थिति में उनकी सरकारी नौकरी पूरी तरह खतरे में पड़ सकती है और उन्हें सस्पेंशन (निलंबन) व बर्खास्तगी की कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।





