
रिपोर्ट – सिद्धार्थ जैन
जयपुर। राजस्थान में सहकारी मॉडल पर आधारित देश की पहली टैक्सी सेवा ‘भारत टैक्सी’ का संचालन जल्द ही जयपुर में शुरू होने जा रहा है। सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम कुमार दक ने कहा कि यह सेवा आमजन को किफायती और सुरक्षित परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के साथ-साथ टैक्सी चालकों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में भी अहम भूमिका निभाएगी।
जून माह के प्रथम सप्ताह में
अपेक्स बैंक सभागार में आयोजित ‘भारत टैक्सी संवाद कार्यक्रम’ को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि दिल्ली, लखनऊ, मुंबई और चंडीगढ़ के बाद अब जयपुर सहित अन्य शहरों में भी यह सेवा शुरू की जाएगी। जयपुर में जून माह के प्रथम सप्ताह में ‘भारत टैक्सी’ के शुभारंभ की योजना है।
उन्होंने कहा कि ‘भारत टैक्सी’ की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें किसी बाहरी कंपनी का स्वामित्व नहीं होगा, बल्कि स्वयं टैक्सी चलाने वाले सारथी ही इसके वास्तविक मालिक होंगे। यह सेवा स्वामित्व, सुरक्षा कवच, सम्मान और लाभांश के समान वितरण के सिद्धांत पर आधारित होगी।
मंत्री ने कहा कि भारत टैक्सी में किसी भी चालक का अकाउंट बिना सुनवाई के बंद नहीं किया जाएगा और उन्हें हिडन चार्जेज जैसी समस्याओं से भी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि इस पहल से निजी कंपनियों की मनमानी पर अंकुश लगेगा और सारथियों को बेहतर विकल्प मिलेगा।
कार्यक्रम में मौजूद सारथियों ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि निजी कंपनियों के साथ काम करते समय उन्हें कई प्रकार के शोषण का सामना करना पड़ता है और आय में अपेक्षित बढ़ोतरी नहीं हो पाती। उन्होंने भारत टैक्सी को स्वदेशी सहकारी मॉडल की सकारात्मक पहल बताते हुए कहा कि इससे देश का पैसा देश में ही रहेगा और मनमाने सब्सक्रिप्शन शुल्क से भी मुक्ति मिलेगी।
सारथियों ने विश्वास जताया कि वे राजस्थान में भारत टैक्सी को सफल बनाकर इसे देशभर के लिए रोल मॉडल के रूप में स्थापित करेंगे।
इस अवसर पर विशिष्ट सहायक डॉ. सूरज सिंह नेगी, अतिरिक्त रजिस्ट्रार (मा.सं.वि.) भोमाराम, अपेक्स बैंक के प्रबंध निदेशक रणजीत सिंह चूंडावत एवं भारत टैक्सी के सिटी हैड (जयपुर) अभिषेक चारण उपस्थित रहे।





