जयपुर में 9 से 17 अगस्त तक चलेगा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान

14 अगस्त को मनाया जाएगा विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस

रिपोर्ट – सिद्धार्थ जैन

जयपुर। स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ के अवसर पर जयपुर जिला प्रशासन 9 से 17 अगस्त 2026 तक जिलेभर में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चलाएगा।

अभियान के तहत जनजागरूकता, सांस्कृतिक, शैक्षणिक और राष्ट्रभक्ति से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। राज्य सरकार के निर्देशानुसार 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस भी मनाया जाएगा।

जिला कलेक्टर संदेश नायक ने बताया कि ग्राम पंचायत से जिला स्तर तक आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों, स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, सामाजिक संगठनों और आमजन की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। अभियान के दौरान तिरंगा रैली, साइकिल एवं बाइक रैली, चित्रकला, निबंध और भाषण प्रतियोगिताएं, रंगोली, सांस्कृतिक कार्यक्रम, वंदे मातरम् एवं सामूहिक गायन सहित अनेक गतिविधियां आयोजित होंगी।

अभियान की शुरुआत 9 अगस्त को जनजागरूकता कार्यक्रमों, तिरंगा रैली और शपथ ग्रहण के साथ होगी। 10 अगस्त को घर-घर तिरंगा वितरण एवं लोगों को राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित किया जाएगा। 11 अगस्त को विद्यालयों में निबंध, चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी, जबकि 12 अगस्त को बाइक एवं साइकिल तिरंगा रैली निकाली जाएगी। 13 अगस्त को सार्वजनिक भवनों, पंचायत भवनों और विद्यालयों में तिरंगा सजावट अभियान चलेगा।

14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर संगोष्ठियों, विशेष व्याख्यानों और स्मृति कार्यक्रमों के माध्यम से देश के विभाजन की त्रासदी, उससे प्रभावित लोगों के संघर्ष, बलिदान और साहस को याद किया जाएगा। नई पीढ़ी को इतिहास से परिचित कराने और सामाजिक सद्भाव व राष्ट्रीय एकता का संदेश देने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस पर सार्वजनिक भवनों, पंचायत भवनों और विद्यालयों में ध्वजारोहण, राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत के सामूहिक गायन और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। 16 अगस्त को अभियान के तहत आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेताओं का सम्मान किया जाएगा, जबकि 17 अगस्त को समापन समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाली संस्थाओं और सहभागियों का अभिनंदन किया जाएगा।

अभियान के सफल संचालन के लिए नगर निगम, नगर परिषद, नगरपालिकाओं, जिला परिषद, शिक्षा विभाग, कॉलेज शिक्षा विभाग, तकनीकी शिक्षा विभाग, पंचायत समितियों सहित विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सभी विभागों को गतिविधियों की जानकारी www.harghartiranga.com पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला कलेक्टर ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे अपने घरों, प्रतिष्ठानों और संस्थानों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराएं तथा ‘सेल्फी विद तिरंगा’ अभियान से जुड़कर राष्ट्रभक्ति के इस महापर्व को जनभागीदारी का उत्सव बनाएं।

Back to top button