जयपुर में 19 से 22 अगस्त तक होंगी अंतरराष्ट्रीय ब्रिक्स पर्यटन कार्य समूह की बैठकें

10 देशों के पर्यटन मंत्री, नीति-निर्माता एवं वरिष्ठ राजनयिक होंगे शामिल

रिपोर्ट – सिद्धार्थ जैन

जयपुर। भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता-2026 के तहत 19 से 22 अगस्त तक आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय ब्रिक्स पर्यटन बैठकों की तैयारियों को लेकर सोमवार को शासन सचिवालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रमुख शासन सचिव, सामान्य प्रशासन विभाग नवीन जैन ने की।

बैठक में जैन ने चार दिवसीय आयोजन से जुड़ी सुरक्षा, स्वागत-सत्कार, यातायात, प्रोटोकॉल सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस महत्वपूर्ण आयोजन के दौरान व्यवस्थाओं में किसी भी स्तर पर कमी नहीं रहनी चाहिए।

10 देशों के प्रतिनिधि होंगे शामिल

सम्मेलन में मेजबान भारत के साथ ब्राजील, चीन, मिस्र, इथियोपिया, इंडोनेशिया, ईरान, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका और संयुक्त अरब अमीरात के पर्यटन मंत्री, नीति-निर्माता एवं वरिष्ठ राजनयिक शामिल होंगे।

राज्य सरकार ने आयोजन के सफल संचालन के लिए पर्यटन विभाग को नोडल विभाग नियुक्त किया है। पर्यटन विभाग केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय के साथ-साथ राज्य के विभिन्न प्रशासनिक, पुलिस एवं नागरिक निकायों के समन्वय से आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप दे रहा है।

19 अगस्त को वर्किंग ग्रुप की बैठक

19 अगस्त को द्वितीय ब्रिक्स टूरिज्म वर्किंग ग्रुप की बैठक का उद्घाटन सत्र आयोजित होगा। इसमें ‘जीरो ड्राफ्ट’ पर विस्तृत विचार-विमर्श किया जाएगा और उसे अंतिम रूप देने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके अलावा विभिन्न देशों के बीच द्विपक्षीय बैठकें भी आयोजित होंगी।

21 अगस्त को प्रथम ब्रिक्स टूरिज्म मिनिस्टर्स मीट आयोजित होगी, जिसमें ‘जीरो ड्राफ्ट’ को अंगीकार किया जाएगा। वहीं 22 अगस्त को विभिन्न प्रतिनिधिमंडलों के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

बैठक में सामान्य प्रशासन विभाग सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Back to top button