प्रत्येक नागरिक की समस्या का समाधान समयबद्ध और न्यायपूर्ण ढंग से हो-केशव प्रसाद मौर्य

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने आज अपने सरकारी आवास, 7 कालिदास मार्ग पर आयोजित जनता दर्शन में आमजन से सीधा संवाद किया।
जनता दर्शन में उप मुख्यमंत्री ने हर व्यक्ति की बात पूरे धैर्य और संवेदनशीलता के साथ सुनी और कहा कि प्रदेश की जनता ही परिवार है, जनता की हर पीड़ा मेरी अपनी पीड़ा है। सरकार का दायित्व है कि प्रत्येक नागरिक की समस्या का समाधान समयबद्ध और न्यायपूर्ण ढंग से हो।

प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए आमजन, किसान, व्यापारी, महिलाएँ व बुजुर्गों ने अपनी शिकायतें व आवेदन प्रस्तुत किए। उप मुख्यमंत्री ने सभी की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

श्री मौर्य ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य जनता की सेवा, जनता का सम्मान है। प्रत्येक समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी स्तर पर जनता को अनावश्यक परेशान न किया जाए और शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध व पारदर्शी तरीके से हो। जनता दर्शन में मुख्य रूप से भूमि विवाद, पेंशन, आवास, सड़क, बिजली, रोजगार एवं सामाजिक कल्याण योजनाओं से संबंधित प्रकरण अधिक आए। सभी मामलों को संबंधित विभागों को तत्काल भेज दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान कई जरूरतमंदों को तुरंत राहत दिलाई गई। गंभीर बीमारी से पीड़ित मरीजों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए, वहीं गरीब व वंचित वर्ग के लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने का भरोसा दिया गया।

उप मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जनता दर्शन जैसे कार्यक्रम आमजन और सरकार के बीच सीधे संवाद का माध्यम हैं। सरकार जनता की आकांक्षाओं के अनुरूप कार्य कर रही है और जनता दर्शन का उद्देश्य जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान है।

Rajeev Jain

rajeevcrime@gmail.com
Back to top button