Sunday, February 16, 2025
More

    राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा समेत कई नेताओं ने डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर जताया शोक

    एक महान नेता, सशक्त अर्थशास्त्री और देशभक्त

    जयपुर। राजस्थान राज्य के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा, “मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारजनों के साथ हैं।

    प्रभु श्री राम दिवंगत आत्मा को अपने परम धाम में स्थान दें तथा शोकाकुल परिवार को यह अथाह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।” मुख्यमंत्री ने डॉ. मनमोहन सिंह के योगदान को याद करते हुए उन्हें एक महान नेता, सशक्त अर्थशास्त्री और देशभक्त बताया। उन्होंने कहा कि उनका निधन देश के लिए एक अपूरणीय क्षति है।

    निधन पर गहरा शोक व्यक्त

    विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने एक्स पोस्ट में लिखा की भारत के पूर्व प्रधानमंत्री, अर्थशास्त्री, डॉ. मनमोहन सिंह का निधन अत्यंत दुःखद है। उनकी सौम्यता, सरलता एवं सहृदयता सदैव स्मरणीय रहेगी।

    आर्थिक सशक्तिकरण में अद्वितीय योगदान

    पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी के निधन पर गहरी संवेदना प्रकट की है।उन्होंने मनमोहन सिंह को नमन करते हुए लिखा की उनकी दूरदर्शिता, दक्षता एवं आर्थिक नीतियों ने देश की प्रगति को नई दिशा दी, आर्थिक सशक्तिकरण में अद्वितीय योगदान दिया एवं विश्व पटल पर भारत को आर्थिक शक्ति के रूप में स्थापित किया। यह मेरा परम सौभाग्य है कि उनकी कैबिनेट में रहते हुए मुझे उनके सानिध्य में कार्य करने का अवसर मिला।
    उनके नेतृत्व में कांग्रेस सरकार की नीतियों को सशक्त करने का मौक़ा मिला। आर्थिक सुधारों को गति देना उनकी प्रतिबद्धता रही। उनका निधन मेरे लिए निजी क्षति है। उनके निधन से समस्त कांग्रेस परिवार सहित पूरे देश में एक ऐसा रिक्त स्थान हो गया है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है।
    वहीं, पूर्व चिकित्सा मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ रघु शर्मा ने डॉ मनमोहन सिंह के निधन पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने अपने संदेश में लिखा की देश ने एक सच्चा देशभक्त, महान अर्थशास्त्री और सादगी का प्रतीक खो दिया। 1991 के आर्थिक संकट में उनका दूरदर्शी नेतृत्व भारत के लिए वरदान साबित हुआ। उनके सुधारों ने करोड़ों भारतीयों के जीवन को बेहतर बनाया। प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने सूचना क्रांति, मनरेगा, किसानों की कर्जमाफी और शिक्षा के अधिकार जैसे ऐतिहासिक कदम उठाए, जिनका लाभ भारत आज भी उठा रहा है।उनकी ईमानदारी, विनम्रता और राष्ट्रसेवा का हर भारतीय सदैव ऋणी रहेगा।

    नई ऊंचाइयों को छुआ

    पूर्व केबिनेट मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता हेमाराम चौधरी ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनहोमन सिंह के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए लिखा की मनमोहन सिंह का जीवन भारत के आर्थिक और सामाजिक विकास की कहानी है। उनके नेतृत्व में भारत ने आर्थिक सुधारों की नींव पर खड़े होकर नई ऊंचाइयों को छुआ। पूरे राज्य में डॉ. सिंह के निधन पर शोक की लहर है। उनके योगदान और देश के प्रति समर्पण को आने वाली पीढ़ियां याद रखेंगी।
    RELATED ARTICLES

    Most Popular