
रामनाथ रावत
सीतापुर। जिला प्रशासन ने भू-माफियाओं और सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ एक बार फिर सख्त रुख अपनाया है। अदालत से हरी झंडी मिलते ही तहसील सदर की टीम ने भारी पुलिस बल के साथ ग्राम नैपालापुर में संचालित एक अवैध ईंट-भट्ठे पर बेदखली और भारी-भरकम जुर्माने का नोटिस चस्पा कर दिया है।
मामला ग्राम नैपालापुर का है, जहां गाटा संख्या 889मि. की 0.668 हेक्टेयर (कीमती सरकारी भूमि) पर बुद्धप्रकाश नाम के व्यक्ति ने अवैध रूप से कब्जा कर ईंट-भट्ठा संचालित कर रखा था। इस मामले का संज्ञान लेते हुए निचली अदालत ने पहले ही बेदखली और 2,68,70,000 रुपये (दो करोड़ अड़सठ लाख सत्तर हजार रुपये) के भारी-भरकम जुर्माने का फैसला सुनाया था।
निचली अदालत के इस फैसले और कार्रवाई से बचने के लिए भट्ठा संचालक बुद्धप्रकाश ने जिलाधिकारी (डीएम) की अदालत में अपील दायर कर राहत की गुहार लगाई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने तथ्यों और सबूतों के आधार पर संचालक की अपील को पूरी तरह खारिज कर दिया। डीएम की अदालत से अपील खारिज होते ही तहसील प्रशासन एक्शन मोड में आ गया।
नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक और क्षेत्रीय लेखपाल की संयुक्त टीम ने भारी दलबल के साथ मौके पर पहुंचकर ईंट-भट्ठे के मुख्य गेट की दीवार पर बेदखली और जुर्माने का नोटिस चस्पा कर दिया। प्रशासन ने साफ संदेश दिया है कि यदि तय समय सीमा के भीतर ढाई करोड़ रुपये से अधिक का जुर्माना जमा नहीं किया गया और सरकारी जमीन को खाली नहीं किया गया, तो प्रशासन जल्द ही मौके पर बुलडोजर चलाकर जमीन को कब्जा मुक्त कराएगा और कुर्की की कार्रवाई अमल में लाएगा।





