जयपुर। जयपुर शहर में होली का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। धुलंडी पर लोगों ने एक-दूसरे को रंग बिरंगी गुलाल लगाकर होली की बधाई दी। लाल, पीले और नीले रंग में सरोबार हो रहे लोगों ने एक दूसरे पर जमकर रंग लगाया। राजधानी में शुक्रवार की अलसुबह से ही बच्चे पिचकारी लेकर घरों से बाहर निकल आए और एक दूसरे पर रंगीन पानी की बौछार करने लगे।
शहर में होली गीतों की धूम रही। सुबह से ही डीजे पर रंग बरसे भीगे चुनरवाली रंग बरसे, होली के दिन दिल मिल जाते हैं, रंगों में रंग खिल जाते हैं, होली खेलत रघुवीरा अवध में होली खेलत रघुवीरा जैसे गीतों की धुन पर जगह-जगह बच्चे युवा थिरकते हुए नजर आए। घरों में होली के मुख्य पकवान गुजिया के साथ तरह-तरह के व्यंजन पकाए गए। इन्हीं व्यंजनों से होली पर मिलने आए लोगों का स्वागत किया गया।
शहर हो या गांव सभी जगह लोगों ने जमकर होली खेली। लोगों ने चंग और ढप बजाकर होली गीतों को गाया तो लोग खुद को झूमने से रोक नहीं पाए। होरियारों का हुड़दंग घरों में ही जारी रहा।
विदेशी मेहमानों ने खेली होली
पर्यटन विभाग की ओर से खासा कोठी में पर्यटकों के लिए होली उत्सव मनाया गया। इस उत्सव में भड़ी संख्या में विदेशी मेहमान पहुंचे। इस खास आयोजन में जयपुर घूमने आए विदेशी सैलानियों ने भारतीय होली की परंपराओं को करीब से देखा और इसमें भाग लिया।
पर्यटन विभाग ने उन्हें गुलाल से नहीं, बल्कि फूलों से होली खेलने का अनुभव कराया। इसके अलावा इस कार्यक्रम में राजस्थान के लोक कलाकारों ने गेर नृत्य, चंग वादन, कालबेलिया और घूमर की प्रस्तुति देकर होली के रंगों को और गहरा कर दिया। ढोल-नगाड़ों की थाप पर पर्यटकों ने भी नृत्य किया और राजस्थानी होली गीतों का आनंद लिया।
मुख्यमंत्री ने आमजन के साथ खेली होली
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मुख्यमंत्री निवास पर होली का पर्व बड़े हर्षोल्लास से मनाया। इस दौरान बड़ी संख्या में आए आमजन से मुख्यमंत्री ने आत्मीय मुलाकात कर फूलों व प्राकृतिक रंगों से होली खेली। समारोह में लोक कलाकारों ने ब्रज की विभिन्न संस्कृतियों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को होली के पर्व की बधाई देते हुए कहा कि रंगों का यह पर्व बेहद ही निराला है, हमें आपसी कटुता को भुलाते हुए एक-दूसरे को गले लगाने की सीख देता है। साथ ही, उन्होंने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन से प्रदेश की अर्थव्यवस्था को 350 बिलियन डॉलर के लक्ष्य तक पहुंचाने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। इस मौके पर जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
इसके अलावा जयपुर में पूर्व बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया ने भी कार्यकर्ताओं के साथ धुलंडी का पर्व मनाया। इस मौके पर उन्होंने चंग पर थाप भी दी और कार्यकर्ताओं के साथ डांस भी किया। वहीं राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी ने शेखावटी में होली के गीत गाए। उन्होंने भी अपने आवास पर कार्यकर्ताओं के लिए होली समारोह का आयोजन किया था।पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अपने सरकारी आवास पर आज शाम होली स्नेह मिलन कार्यक्रम रखा।
इसमें उन्होंने कार्यकर्ता और नेताओं से मुलाकात की। इसके अलावा पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने भी आज अपने निजी आवास पर कार्यकर्ताओं के साथ होली खेली। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक उनके आवास पर पहुंचे और उन्हें रंग लगाकर शुभकामनाएं दी।