
रिपोर्ट – सिद्धार्थ जैन
जयपुर। राजस्थान पुलिस द्वारा यातायात नियमों की सख्ती से पालना कराने के लिए चलाया जा रहा विशेष प्रवर्तन अभियान लगातार प्रभावी साबित हो रहा है। 4 जून से 19 जून 2026 तक प्रदेशभर में अभियान चलाया गया। इस दौरान यातायात नियमों के उल्लंघन पर 1 लाख 31 हजार 161 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
अभियान के तहत शुक्रवार को एक ही दिन में 6 हजार 777 वाहनों के चालान किए गए। इनमें वाहनों पर लगी अवैध ब्लैक फिल्म, नियम विरुद्ध नंबर प्लेट, अनाधिकृत शब्द-चिह्न, मॉडिफिकेशन, अवैध लाल-नीली बत्तियां और प्रेशर हॉर्न के खिलाफ विशेष कार्रवाई की गई।
महानिदेशक पुलिस (यातायात) अनिल पालीवाल ने बताया कि अभियान में सबसे अधिक कार्रवाई वाहनों के शीशों पर लगी ब्लैक फिल्म के खिलाफ की गई। अब तक 49 हजार 306 वाहनों से ब्लैक फिल्म हटाकर कार्रवाई की गई है। वहीं 33 हजार 737 नियम विरुद्ध नंबर प्लेट वाले वाहनों तथा 18 हजार 124 वाहनों पर लगे अनाधिकृत शब्द-चिह्न एवं लेखन के खिलाफ कार्रवाई की गई।
पुलिस ने वाहन संरचना में अवैध बदलाव करने वाले 12 हजार 986 मॉडिफाइड वाहनों पर भी कार्रवाई की। इसके अलावा 9 हजार 863 वाहनों से अनाधिकृत लाल-नीली बत्तियां, फ्लैशर, स्ट्रोब लाइट और हूटर हटवाए गए, जबकि 7 हजार 145 प्रेशर हॉर्न एवं एयर हॉर्न लगाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
शुक्रवार को हुई कार्रवाई में 2 हजार 348 ब्लैक फिल्म लगे वाहन, 1 हजार 776 नियम विरुद्ध नंबर प्लेट वाले वाहन, 915 अनाधिकृत शब्द-चिह्न वाले वाहन, 754 मॉडिफाइड वाहन, 592 अवैध लाल-नीली बत्ती एवं फ्लैशर वाले वाहन और 392 प्रेशर/एयर हॉर्न वाले वाहन शामिल रहे।
एक दिन की कार्रवाई में जयपुर कमिश्नरेट का जयपुर पश्चिम जिला सबसे आगे रहा, जहां 520 वाहनों पर कार्रवाई की गई। इसके अलावा अजमेर में 440, जयपुर ग्रामीण में 402 और जयपुर यातायात टीम द्वारा 326 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
डीजी ट्रैफिक पालीवाल ने कहा कि सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे वाहनों में अवैध संशोधन, प्रतिबंधित उपकरणों और नियम विरुद्ध नंबर प्लेट का उपयोग न करें तथा सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।




