
रामनाथ रावत
सीतापुर। शिक्षक दिवस के अवसर पर शनिवार को विकासखंड सिधौली में ‘शिव नाडर फाउंडेशन’ की ओर से संचालित साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत एक विशेष समारोह का आयोजन किया गया।

इस कार्यक्रम के दौरान साक्षरता की मुख्य धारा से जुड़ चुके 100 युवा एवं प्रौढ़ शिक्षार्थियों को मुख्य अतिथियों द्वारा साक्षरता प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम में मुख्य रूप से खंड विकास अधिकारी राजेश कुमार तिवारी, खंड शिक्षा अधिकारी और ब्लॉक प्रमुख राम बक्स रावत सहित विकासखंड के अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। शिक्षा, शिव नाडर फाउंडेशन की ओर से उप महाप्रबंधक मयंक सिन्हा ने कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए फाउंडेशन का प्रतिनिधित्व किया।
समारोह को संबोधित करते हुए उप महाप्रबंधक मयंक सिन्हा ने जनपद सीतापुर में फाउंडेशन की ओर से संचालित किए जा रहे विभिन्न शैक्षिक एवं साक्षरता कार्यक्रमों तथा उनकी प्रमुख गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने जोर देकर कहा कि साक्षरता न केवल व्यक्ति के जीवन में आत्मविश्वास बढ़ाती है, बल्कि उसे अपने दैनिक जीवन के महत्वपूर्ण निर्णय स्वयं लेने में सक्षम भी बनाती है।
खंड विकास अधिकारी राजेश कुमार तिवारी एवं ब्लॉक प्रमुख राम बक्स रावत ने भी शिक्षा एवं साक्षरता के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने क्षेत्र में फाउंडेशन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा और साक्षरता ही समाज के वास्तविक विकास तथा लोगों को आत्मनिर्भर बनाने की सबसे मजबूत नींव हैं।
अधिकारियों ने प्रमाण-पत्र प्राप्त करने वाले सभी उत्साही शिक्षार्थियों को बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। इस विशेष अवसर पर शिव नाडर फाउंडेशन की टीम से गोविन्द, मोनिका, प्रिया, उपासना, मनोज, उमेश, राजीव, कृतिका, आशुतोष सहित शिक्षा टीम के अन्य सदस्य और स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




