
रामनाथ रावत
सीतापुर।सिधौली कस्बे के ऐतिहासिक गांधी पड़ाव मैदान पर आगामी 13 अक्टूबर से सात दिवसीय भव्य श्रीराम कथा का आयोजन होने जा रहा है।

इस अंतरराष्ट्रीय स्तर के धार्मिक अनुष्ठान की तैयारियों को लेकर सिधौली विधायक मनीष रावत ने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में विधायक ने सभी व्यवस्थाओं को ऐतिहासिक और चाक-चौबंद बनाने का आह्वान किया।इस धार्मिक महोत्सव में सुप्रसिद्ध कथा वक्ता शांतनु महाराज अपने मुखारविंद से श्रद्धालुओं को रामकथा का रसपान कराएंगे। कथा का समय प्रतिदिन दोपहर 1:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक रहेगा।
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक मनीष रावत ने कहा कि यह आयोजन क्षेत्र के लिए अत्यंत गौरव का विषय है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होने और अपनी-अपनी जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा से निभाने की अपील की। विधायक ने जोर देकर कहा कि बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और इस आयोजन को सिधौली के इतिहास में सबसे भव्य और यादगार बनाना हमारा लक्ष्य है।
इस दौरान आयोजन समिति के सदस्यों और स्थानीय कार्यकर्ताओं ने भी व्यवस्थाओं को लेकर अपने सुझाव साझा किए। बैठक में भारी संख्या में स्थानीय गणमान्य नागरिक और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




