
रामनाथ रावत
सीतापुर। शहर के आर्यनगर स्थित पंजाबी धर्मशाला में बुधवार को गणेश उत्सव महोत्सव के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया।
पंडाल के ऊपर स्थित धर्मशाला का छज्जा अचानक ढह गया, जिसकी चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई और करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए। मृतक की पहचान विजय लक्ष्मी नगर निवासी उमा कपूर (58) पत्नी शम्मी कपूर के रूप में हुई है।
महोत्सव के दौरान पंडाल में काफी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे। तभी अचानक तेज आवाज के साथ छज्जा नीचे आ गिरा। हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस प्रशासन ने मुस्तैदी दिखाते हुए मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालना शुरू किया। सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर किया गया है। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर, पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल और सदर एसडीएम समेत भारी पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंच गया। प्रशासन की देखरेख में राहत और बचाव कार्य चलाया गया।
अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। प्रशासनिक अधिकारियों ने हादसे के सटीक कारणों और छज्जे की स्थिति की जांच के आदेश दे दिए हैं।





