अंतर्राष्ट्रीय योग सप्ताह का नगर विकास मंत्री ने किया शुभारंभ

12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में सोमवार को जनपद में

रामनाथ रावत

सीतापुर। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में सोमवार को जनपद में अंतर्राष्ट्रीय योग सप्ताह का भव्य शुभारंभ किया गया। मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के नगर विकास मंत्री राकेश राठौर ‘गुरु’ ने पुलिस लाइन स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल सभागार में दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की।

इस अवसर पर नगर विकास मंत्री श्री राठौर ने उपस्थित जनसमूह के साथ योगाभ्यास भी किया। उन्होंने विभिन्न योग आसनों और प्राणायाम का अभ्यास करते हुए आम जनता को स्वस्थ एवं निरोगी जीवन जीने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि योग हमारी प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है, जो तन और मन दोनों को स्वस्थ रखती है। दैनिक जीवन में योग को अपनाकर हम कई गंभीर बीमारियों से बच सकते हैं।

कार्यक्रम के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला और राजा गणपति आर. भी मुख्य रूप से मौजूद रहे। उक्त कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस कर्मियों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस योग सप्ताह के तहत आने वाले दिनों में जिले के विभिन्न स्थानों पर योग शिविरों का आयोजन किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जा सके।

Back to top button