महिला के पेट से निकाला 3.6 किलो का ट्यूमर

स्वर्ण महासंघ ने किया सम्मानित

रामनाथ रावत
सीतापुर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिधौली के डॉक्टरों ने एक बेहद जटिल और बड़ा ऑपरेशन कर चिकित्सा के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है।

सीएचसी पर तैनात महिला चिकित्सक डॉ. अमिता त्रिपाठी और उनकी विशेषज्ञ टीम ने एक महिला मरीज के पेट से सफलतापूर्वक 3 किलो 600 ग्राम का विशाल ट्यूमर निकाला है। इस सफल ऑपरेशन के बाद महिला को नया जीवन मिला है।

ग्रामीण क्षेत्र के सरकारी अस्पताल में इस तरह के बड़े और सफल ऑपरेशन की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में डॉक्टरों की खूब सराहना हो रही है। गुरुवार को ‘अखिल भारतीय प्रगतिशील स्वर्ण महासंघ’ के पदाधिकारियों ने सिधौली सीएचसी पहुंचकर इस पूरी टीम का हौसला बढ़ाया।

संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सूर्य बक्श सिंह और जिलाध्यक्ष सत्येन्द्र सिंह चौहान सहित राष्ट्रीय व प्रदेश कार्यकारिणी के पदाधिकारियों ने मुख्य सर्जन डॉ. अमिता त्रिपाठी को गुलदस्ता और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

सम्मान समारोह के इस विशेष अवसर पर अखिल भारतीय प्रगतिशील स्वर्ण महासंघ संगठन के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे, जिनमें मुख्य रूप से राकेश पाण्डेय, सत्यपाल सिंह,अतुल गुप्ता, उपेन्द्र सिंह, हिमांशु सिंह, रामप्रताप सिंह और दुर्गेश सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग शामिल थे। सभी ने डॉक्टरों की इस सफलता को क्षेत्र के गरीब मरीजों के लिए एक बड़ा वरदान बताया।

Back to top button