- उत्तर प्रदेश का 434 सदस्यीय दल तैयार, एके त्रिपाठी होंगे मुख्य दलनायक
लखनऊ, खेल संवाददाता। उत्तराखंड में 28 जनवरी से 14 फरवरी 2025 तक आयोजित होने वाले 38वें राष्ट्रीय खेलों के लिए उत्तर प्रदेश की टीम पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरने को तैयार है। इन खेलों में उत्तर प्रदेश के खिलाड़ी 31 विभिन्न खेलों में अपनी चुनौती पेश करेंगे।
राष्ट्रीय खेलों के लिए उत्तर प्रदेश टीम का नेतृत्व एके त्रिपाठी (उपाध्यक्ष, यूपी हॉकी) करेंगे, जिन्हें मुख्य दलनायक (चीफ डि मिशन) नियुक्त किया गया है। सोमवार को केडी सिंह बाबू स्टेडियम में आयोजित एक विशेष समारोह में उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन ने टीम को अपना ध्वज सौंपा।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव डॉ. आनन्देश्वर पाण्डेय ने प्रेस वार्ता में बताया कि इस बार उत्तर प्रदेश का 434 सदस्यीय दल राष्ट्रीय खेलों में भाग लेगा, जिसमें 340 खिलाड़ी और 94 अधिकारी एवं सपोर्ट स्टाफ शामिल हैं। खिलाड़ियों में 195 पुरुष और 145 महिला खिलाड़ी हैं।
प्रबंधन और सहायक दल में इनको मिली जिम्मेदारी
मुख्य दलनायक एके त्रिपाठी के साथ सुधीर शर्मा (सचिव, उत्तर प्रदेश रोइंग एसोसिएशन), डॉ. सुधर्मा सिंह (सचिव, उत्तर प्रदेश बैडमिंटन एसोसिएशन) और विनय सिंह (कोषाध्यक्ष, उत्तर प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन) को उपदलनायक (डिप्टी चीफ डि मिशन) नियुक्त किया गया है। इसके अतिरिक्त, एसके तिवारी और मोहम्मद तौहीद को कंटिजेंट असिस्टेंट की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
38वें राष्ट्रीय खेलों में टीम से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद : डॉ. आनन्देश्वर
महासचिव डॉ. आनन्देश्वर पाण्डेय ने भरोसा जताया कि उत्तर प्रदेश के खिलाड़ी इस बार बेहतर प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने बताया कि पिछले वर्षों में राज्य के प्रदर्शन में निरंतर सुधार हुआ है। 2023 में गोवा में आयोजित 37वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तर प्रदेश ने 11 स्वर्ण, 23 रजत और 36 कांस्य पदक सहित कुल 70 पदक जीते थे। वहीं, 2022 में गुजरात में हुए 36वें राष्ट्रीय खेलों में 20 स्वर्ण, 18 रजत और 18 कांस्य पदक सहित कुल 56 पदक जीते थे।

उत्तर प्रदेश खेल निदेशालय के समन्वय से खिलाड़ियों की तैयारी के लिए विभिन्न शहरों में कोचिंग कैंप आयोजित किए गए। खेल निदेशक डॉ. आरपी सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय खेलों में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को तीन-स्तरीय (थ्री टीयर) ट्रेन यात्रा का किराया और खेल किट उपलब्ध कराई जा रही है। इसके अलावा, पदक विजेताओं को नगद पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
डॉ. आनन्देश्वर पाण्डेय ने विश्वास जताया कि इस बार की मजबूत तैयारियों और खिलाड़ियों के बेहतर अनुभव के साथ उत्तर प्रदेश टीम पदकों की संख्या में सुधार कर राज्य के गौरव को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी।
व्यक्तिगत खेलों में पदक विजेताओं के लिए घोषित नकद पुरस्कार निम्नलिखित है
- स्वर्ण पदक: 6 लाख रुपये
- रजत पदक: 4 लाख रुपये
- कांस्य पदक: 2 लाख रुपये
टीम इवेंट्स में पदक विजेता टीम के प्रत्येक सदस्य को इतनी राशि मिलेगी
- स्वर्ण पदक: 2 लाख रुपये
- रजत पदक: 1 लाख रुपये
- कांस्य पदक: 50 हजार रुपये
आयोजित प्रेस वार्ता में उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष डॉ. सैयद रफत जुबैर रिजवी, उत्तर प्रदेश वुशू एसोसिएशन के सचिव मनीष कक्कड़ और लखनऊ मंडल के क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी अनिमेश सक्सेना भी मौजूद थे।
किस खेल में कितने खिलाड़ी ये रही लिस्ट :-







