डीजीपी ने पुलिस मुख्यालय में सोशल मीडिया सेन्टर का निरीक्षण कर जारी किये निर्देश

लखनऊ। पुलिस महानिदेशक विजय कुमार ने गुरुवार को पुलिस मुख्यालय गोमतीनगर विस्तार स्थित कन्ट्रोल रूम समेत  सोशल मीडिया सेल का भ्रमण किया। इस दौरान पुलिस प्रबन्ध व कानून-व्यवस्था की मॉनिटरिंग के साथ-साथ कन्ट्रोल रूम में कार्यरत पुलिस कर्मियों से वार्ता कर जानकारी ली।
उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारिओं को तथा निर्देशित किया कि प्रदेश में घटित हर छोटी-बड़ी घटनाओं की त्वरित जानकारी एवं कृत कार्यवाही सम्बन्धित जनपद से प्राप्त कर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया जाये। सी-प्लान एप में अधिक से अधिक आम जनता को जोड़कर इसे और अधिक प्रभावी बनाया जाय, जिससे पुलिस का जनता से सीधा संवाद स्थापित हो सके।
सोशल मीडिया सेन्टर में ट्विटर, फेसबुक, इंस्टाग्राम आदि प्लेटफार्मो की सतत मॉनिटरिंग एवं अफवाह व भ्रामक सूचना के खण्डन सम्बन्धित विस्तृत जानकारी ली गयी और आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये। मीडिया सेल में प्रेसनोट, ई-पेपर एवं दैनिक समाचार पत्रों में प्रकाशित खबरों की कतरन आदि कार्यो के सम्बन्ध में जानकारी लेते हुये आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये।
पुस्तकालय में उपलब्ध पुस्तकों व रिकार्डों के सम्बन्ध में जानकारी लेते हुये प्रशासनिक व कानून सम्बन्धी पुस्तकों की संख्या बढ़ाने तथा रिकार्डों के सुव्यवस्थित और बेहतर रख-रखाव के निर्देश दिये गये। कार्यालयों के साफ सफाई पर विशेष ध्यान देने व फाइलों को और सुसज्जित ढ़ंग से रखने व उनके डिजिटल रख-रखाव पर बल दिया जाये।
भ्रमण के दौरान अपर पुलिस महानिदेशक व पुलिस महानिदेशक के जीएसओ, पुलिस महानिरीक्षक कानून-व्यवस्था सहित अन्य पुलिस अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Rajeev Jain

rajeevcrime@gmail.com
Back to top button