अजमेर पुलिस ने बरामद किए 50 लाख रुपये कीमत के गुमशुदा मोबाइल

साइबर अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई

रिपोर्ट – सिद्धार्थ जैन

जयपुर। अजमेर पुलिस ने साइबर अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। संयुक्त अभियान के तहत पुलिस ने करीब 50 लाख रुपये मूल्य के 215 गुमशुदा और चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सुपुर्द किए हैं।

जिला पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाल के निर्देशन में जिला साइबर सेल एवं विभिन्न थाना पुलिस टीमों द्वारा चलाए गए इस विशेष अभियान में आधुनिक तकनीक, तकनीकी विश्लेषण और सीईआईआर पोर्टल मॉनिटरिंग की मदद से मोबाइल फोन ट्रेस किए गए। अभियान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर हिमांशु जांगिड तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. लालचंद कायल के सुपरविजन में संचालित किया गया।

यह भी पढ़े- राजस्थान पुलिस का बड़ा एक्शन: 3 दिन में 1600 से अधिक अपराधी गिरफ्तार, गैंगस्टरों में हड़कंप

पुलिस के अनुसार सीईआईआर पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर जांच शुरू की गई। तकनीकी विश्लेषण में सामने आया कि कई मोबाइल राजस्थान के विभिन्न जिलों के साथ-साथ अन्य राज्यों में भी उपयोग किए जा रहे थे। इसके बाद संबंधित क्षेत्रों से समन्वय स्थापित कर पुलिस टीमों ने लगातार मॉनिटरिंग और फील्ड कार्रवाई करते हुए मोबाइल बरामद किए।

अजमेर पुलिस की साइबर सेल और थाना पुलिस टीमों ने कम समय में बड़ी संख्या में मोबाइल बरामद कर उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की। एसपी अग्रवाला ने अभियान में शामिल पुलिसकर्मियों की तकनीकी दक्षता और मेहनत की सराहना की।

यह भी पढ़े- राजस्थान विश्वविद्यालय परिसर में खुलेगा आधुनिक सरस पार्लर, जयपुर डेयरी से हुआ एमओयू

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे अपने मोबाइल फोन और डिजिटल उपकरणों को सुरक्षित रखें। भीड़भाड़ वाले स्थानों और सार्वजनिक परिवहन में विशेष सतर्कता बरतें तथा मोबाइल में मजबूत पासवर्ड, पिन या बायोमेट्रिक लॉक का उपयोग करें।

“Find My Device”

साथ ही “Find My Device” जैसी सुविधाएं सक्रिय रखें। यदि मोबाइल फोन खो जाए या चोरी हो जाए तो तुरंत सिम बंद करवाकर सीईआईआर पोर्टल, राजकॉप सिटीजन ऐप अथवा नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई है, ताकि मोबाइल और सिम का दुरुपयोग रोका जा सके।

यह भी पढ़े-एटीएस का बड़ा एक्शन: लोरेंस गैंग के गुर्गे सुनील मीणा का करीबी गिरफ्तार, घर में छिपा रखे थे जिंदा कारतूस 

इस अभियान में हेड कांस्टेबल साबिर खान, कांस्टेबल अनिल कुमार सैनी, कांस्टेबल हिम्मत राम, कांस्टेबल जयपाल, कांस्टेबल सुरेश चौधरी तथा जिला साइबर सेल अजमेर की टीम की विशेष भूमिका रही।

Back to top button