
रिपोर्ट – सिद्धार्थ जैन
जयपुर। राज्य सरकार द्वारा संचालित “वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान” के तहत शुक्रवार को प्रभारी मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने प्राचीन चौपड़ा महादेव मंदिर स्थित बावड़ी पर श्रमदान कर जल संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण पुण्य का कार्य है और इसे पूरे मनोयोग से किया जाना चाहिए। यह अभियान केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं बल्कि जनभागीदारी से जुड़ा जन अभियान है।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि अभियान का उद्देश्य वर्षा जल का अधिकतम संग्रहण, पारंपरिक जल स्रोतों का संरक्षण, स्वच्छता एवं जनजागरूकता को बढ़ावा देना है। उन्होंने आमजन से बावड़ियों एवं जल निकायों को स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त रखने की अपील करते हुए श्रमदान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
इस दौरान उन्होंने प्राचीन चौपड़ा महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर सर्वकल्याण की कामना की। उन्होंने कहा कि प्राचीन बावड़ियां और जल स्रोत हमारी सांस्कृतिक धरोहर हैं, जिनका संरक्षण वर्तमान और आने वाली पीढ़ियों के लिए अत्यंत आवश्यक है।
प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बावड़ी एवं मंदिर परिसर की नियमित साफ-सफाई, जल निकासी व्यवस्था तथा आवश्यक मरम्मत कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं। उन्होंने जिला कलक्टर श्रीनिधि बी.टी. से मंदिर परिसर में पौधारोपण कर सुंदर वाटिका विकसित करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने कहा कि बिजौली क्षेत्र में पूर्व में किए गए वृक्षारोपण कार्यक्रम के तहत मृत पौधों के स्थान पर नए पौधे लगाए जाएं। साथ ही सरकारी भवनों की छतों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने एवं निजी भवनों पर उगने वाले पौधों को हटाने की अपील भी की, ताकि भवनों को क्षति से बचाया जा सके।
कार्यक्रम में जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान सहित संबंधित अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।





