
रामनाथ रावत
सीतापुर। केन्द्र सरकार के सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 12 वर्ष तथा उत्तर प्रदेश सरकार के 09 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सोमवार को खैराबाद के भूभिजा हाल में एक भव्य सम्मान एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से डॉक्टरों, स्वास्थ्य कर्मियों और आशा कार्यकर्त्रियों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया और उनसे सीधा संवाद स्थापित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश शुक्ला, राज्य मंत्री सुरेश राही, राज्य मंत्री राकेश राठौर ‘गुरु’ और सीतापुर के जिला अधिकारी राजा गणपति आर सहित भारी संख्या में जनप्रतिनिधि और प्रबुद्धजन उपस्थित रहे। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष राजेश शुक्ला ने कहा कि केन्द्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने में हमारे स्वास्थ्य कर्मियों और आशा बहुओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना ही हमारा मुख्य लक्ष्य है।
देश और प्रदेश के स्वास्थ्य ढांचे में ऐतिहासिक सुधार
राज्य मंत्री सुरेश राही ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में देश और प्रदेश के स्वास्थ्य ढांचे में ऐतिहासिक सुधार हुआ है। कोरोना काल से लेकर सामान्य दिनों तक हमारे चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ ने दिन-रात एक करके जनता की सेवा की है, जो सराहनीय है।राज्य मंत्री राकेश राठौर ‘गुरु’ ने कहा कि गरीब कल्याण को समर्पित इस सरकार में हर नागरिक को मुफ्त और गुणवत्तापूर्ण इलाज मिल रहा है। आज हमारे स्वास्थ्य रक्षक पूरी निष्ठा के साथ सुदूर गांवों में भी सेवाएं दे रहे हैं।
जिला अधिकारी राजा गणपति आर ने कहा कि प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग मिलकर जिले के स्वास्थ्य सूचकांकों को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम कर रहे हैं। आशा कार्यकर्त्रियां ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की मजबूत रीढ़ हैं और उनके प्रयास बेहद सराहनीय हैं।कार्यक्रम के अंत में अतिथियों द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाले चिकित्सकों, स्वास्थ्य कर्मियों और आशा बहुओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान सभी ने सरकार के सुशासन और गरीब कल्याण के संकल्प को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।





