शाला दर्पण पोर्टल से पढ़ाई हुई आसान, ‘टॉक टू टीचर’ सुविधा से मिल रहा मार्गदर्शन

विद्यार्थियों के लिए ज्ञान का डिजिटल खजाना बना ‘शाला संवाद’

रिपोर्ट – सिद्धार्थ जैन

जयपुर। राजस्थान शिक्षा विभाग की ओर से विकसित शाला दर्पण पोर्टल विद्यार्थियों के लिए एक प्रभावी डिजिटल शिक्षण मंच के रूप में उभर रहा है। पोर्टल का ‘स्कूल-शाला संवाद’ सेक्शन कक्षा 1 से 12 तक के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराकर उनके शैक्षणिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

शाला संवाद के माध्यम से विद्यार्थियों को विषयवार वीडियो लेक्चर, एनसीईआरटी एवं आरबीएसई पाठ्यक्रम आधारित ई-कॉन्टेंट, प्रश्न बैंक, दूरदर्शन के शैक्षणिक कार्यक्रमों की सामग्री तथा ई-पत्रिकाएं एक ही मंच पर उपलब्ध हो रही हैं। इससे छात्रों को कठिन विषयों को सरल तरीके से समझने और परीक्षा की बेहतर तैयारी करने में सहायता मिल रही है।

पोर्टल केवल अध्ययन सामग्री तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों और अभिभावकों को विभिन्न शैक्षणिक योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी भी उपलब्ध कराता है। इससे सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया अधिक सरल और पारदर्शी बनी है।

‘टॉक टू टीचर’ से दूर हो रही शंकाएं

शाला दर्पण की ‘टॉक टू टीचर’ सुविधा विद्यार्थियों के लिए एक इंटरैक्टिव प्लेटफॉर्म के रूप में कार्य कर रही है। इसके माध्यम से छात्र-छात्राएं सीधे शिक्षकों से जुड़कर अपनी शैक्षणिक समस्याओं और विषय संबंधी शंकाओं का समाधान प्राप्त कर सकते हैं। यह सुविधा विशेष रूप से उन विद्यार्थियों के लिए उपयोगी साबित हो रही है जो कक्षा में अपनी जिज्ञासाएं व्यक्त नहीं कर पाते।

ग्रामीण विद्यार्थियों के लिए वरदान

ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए शाला दर्पण पोर्टल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तक पहुंच का प्रभावी माध्यम बन गया है। इंटरनेट के जरिए उन्हें भी शहरों के विद्यार्थियों के समान शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध हो रहे हैं, जिससे शिक्षा में समान अवसर सुनिश्चित हो रहे हैं।

शिक्षा विभाग समय-समय पर पोर्टल को अद्यतन कर नवीनतम सामग्री उपलब्ध करा रहा है। साथ ही शिक्षकों को भी डिजिटल शिक्षण पद्धति अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है, जिससे शिक्षण प्रक्रिया अधिक आधुनिक और प्रभावी बन सके।

राजस्थान शिक्षा विभाग का यह नवाचार शिक्षा के क्षेत्र में डिजिटल परिवर्तन को गति देने के साथ-साथ राज्य के लाखों विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव तैयार कर रहा है।

Back to top button