
रामनाथ रावत
सीतापुर:। थाना अटरिया क्षेत्र के प्रसिद्ध बालेश्वर धाम स्थित गोमती नदी में रविवार शाम नहाते समय गहरे पानी में डूबे 32 वर्षीय युवक का शव सोमवार को करीब 15 घंटे की कड़ी मशक्कत के नदी से बाहर निकाला। इस घटना से मृतक के परिवार की खुशियां मातम में बदल गई हैं।
बक्शी का तालाब अंतर्गत ग्राम लोहंगपुर का निवासी मोहित यादव (32 वर्ष), पुत्र कल्लू यादव, रविवार को अपने दोस्त भूपेंद्र कुमार और चंद्रकुमार यादव के साथ अटरिया स्थित बालेश्वर धाम आया था। यहाँ आयोजित एक भंडारे में सभी दोस्तों ने रविवार शाम करीब 6 बजे श्रद्धा भाव से प्रसाद ग्रहण किया।
इसके बाद सभी दोस्त बालेश्वर धाम तट पर गोमती नदी में नहाने चले गए।नहाते समय मोहित गहरे पानी की तरफ चला गया और तेज धारा में डूबने लगा। उसे नदी में छटपटाता देख किनारे खड़े उसके दोस्तों और अन्य श्रद्धालुओं ने जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया। हालांकि, जब तक कोई उसकी मदद के लिए आगे बढ़ता, मोहित नदी के तेज बहाव और गहराई में पूरी तरह समा गया।
घटना की सूचना मिलते ही अटरिया थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। रात के अंधेरे और पानी के तेज बहाव के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। स्थानीय गोताखोरों और मछुआरों ने रात भर मोर्चा संभाला। आखिरकार, सोमवार को लगभग 15 घंटे की तलाश के बाद गोताखोरों ने मोहित का शव ढूंढ निकाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।





