एमडी ड्रग फैक्ट्री चलाने वाले तस्कर अरबाब खां का अवैध मकान ध्वस्त

बाड़मेर में नशा तस्करों के खिलाफ ऑपरेशन क्लीन जारी

रिपोर्ट – सिद्धार्थ जैन

जयपुर। बाड़मेर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी और संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एमडी ड्रग फैक्ट्री संचालित करने वाले कुख्यात तस्कर अरबाब खां के अवैध मकान को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया।

पुलिस प्रशासन और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने सेडवा थाना क्षेत्र के सिंहार गांव में सरकारी भूमि पर अवैध रूप से बनाए गए पक्के मकान को जमींदोज कर दिया।

नशे के कारोबार से जुड़े अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई

महानिदेशक पुलिस राजस्थान राजीव कुमार शर्मा के निर्देश और जोधपुर रेंज पुलिस महानिरीक्षक के मार्गदर्शन में बाड़मेर पुलिस द्वारा यह कार्रवाई की गई। जिला पुलिस अधीक्षक चूनाराम जाट ने बताया कि सेडवा थाना में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के प्रकरण में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ एमडी की फैक्ट्री चलाने वाले मुख्य आरोपी अरबाब खां पुत्र मूसा निवासी सिंहार को पूर्व में गिरफ्तार किया था। मामले में उसका बेटा करीम खां भी वांछित आरोपी है।

पुलिस जांच में सामने आया कि तस्करी के इस अवैध कारोबार से जुड़े आरोपियों ने सिंहार गांव में सरकारी भूमि पर कब्जा कर पक्का मकान बना रखा था। सेडवा थाना पुलिस ने अवैध निर्माण को चिन्हित कर उपखण्ड मजिस्ट्रेट से अतिक्रमण हटाने के लिए कार्रवाई की अनुशंसा की थी।

अतिक्रमण हटाने के आदेश के बाद 18 जून को पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम सिंहार गांव पहुंची। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बाड़मेर नितेश आर्य के नेतृत्व में वृत्ताधिकारी चौहटन जेठाराम और थानाधिकारी सेडवा प्रभुराम सहित पुलिस बल मौके पर तैनात रहा। उपखण्ड मजिस्ट्रेट सेडवा बद्रीनारायण, तहसीलदार जोताराम मीणा, उप तहसीलदार महेन्द्रसिंह, सहायक विकास अधिकारी प्रहलादराम पंवार, ग्राम विकास अधिकारी और पटवारी की मौजूदगी में जेसीबी और बुलडोजर की सहायता से अवैध निर्माण को हटाया गया।

एसपी चूनाराम जाट ने कहा कि जिले में नशे के कारोबार से जुड़े अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित अवैध संपत्तियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ आगे भी प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।

Back to top button